जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने किया शुभारंभ, चंग नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
चूरू। पं. दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव ‘नक्षत्र 2026’ के तहत गुरुवार देर शाम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने किया।इस अवसर पर कलक्टर सुराणा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षा के साथ-साथ ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए, जिससे उनका मनोबल बढ़ता है और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति को हमारी अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी पुरातन परंपराएं जीवंत होती हैं।प्राचार्य डॉ. महेश मोहनलाल पुकार ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राजस्थानी वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
राणासर की ढफ मंडली ने चंग नृत्य और लोक रंगों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।कार्यक्रम के दौरान संबंधित विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छह मेधावी विद्यार्थियों को उनके गुरूजनों की स्मृति में डॉ. दयाशंकर जांगिड़ द्वारा प्रतीक चिन्ह व नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर लोहिया कॉलेज, लॉ कॉलेज, जीएसटी विभाग के अधिकारी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. रमाकांत वर्मा, अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी, डॉ. अशोक जांगिड़, विधि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एस.के. सैनी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा शिक्षक, विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।












