चूरू। सूचना केंद्र में मेरा युवा भारत की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बुधवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने सरदार 150 यूनिटी मार्च की शुरुआत की। शर्मा ने बताया कि नवंबर 2025 के द्वितीय सप्ताह में एकता मार्च का आयोजन किया जाएगा। ये मार्च इंद्रमणि पार्क से प्रारंभ होकर गढ़ चौराहा, सुभाष चौक होते हुए बागला खेल मैदान जायेगा। यह भारत सरकार और माय भारत की पहल है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। इस राष्ट्र व्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। सरदार पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। इस अभियान के जरिए युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने कहा कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के स्टेट कैबिनेट मंत्री, सांसद, स्थानीय प्रशासन, माय भारत, एन.एस.एस, एन.सी.सी. व अन्य सभी युवा संस्थाओं के सहयोग से विकसित भारत पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक, सभी मिलकर देश के इतिहास को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभायेंगे। अभियान संयोजक सुशील लाटा ने बताया कि डिजिटल चरण की शुरुआत 6 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने प्रेस कांफ्रेंस कर, सम्पूर्ण राष्ट्र में इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ किया। 18 अक्टूबर 2025 को राज्य स्तर की प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से राजस्थान में इस महत्तवपूर्ण अभियान का शुभारम्भ किया जा चुका है। 10 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक निबंध प्रतियोगिता हो रही है, जिसमें 15 से 29 वर्ष के युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से भाग लेंगे। इसका विषय राष्ट्रीय एकता, नागरिक जिम्मेदारी और सरदार पटेल से संबंधित होंगे। राष्ट्रीय विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय रील प्रतियोगिता में 10 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 के दौरान 15 से 29 वर्ष के युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से भाग लेंगे। युवाओं को 20-30 सेकंड के देशभक्ति वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। रचनात्मक संदेश एकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर होने चाहिए। शीर्ष 10 विजेताओं को राष्ट्रीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। ऑनलाइन क्विज एकल, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्रीय विषयों पर आधारित होंगी। इसमें रियल टाइम लीडरबोर्ड, प्रमाण पत्र और डैशबोर्ड इनसाइट्स की सुविधा होगी। इसकी जानकारी प्रतिभागी माय भारत पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। अभियान सहसंयोजक सूर्य प्रकाश ढ़ाका ने कहा कि यह श्रृंखला माय भारत पोर्टल के माध्यम से जारी की जाएगी। देशभक्ति और जागरूकता जगाने के लिए पदयात्रा के दौरान सार्वजनिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों के दौरान माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कियोस्क या क्यूआर कोड के माध्यम से युवाओं का पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर किया जायेगा। साथ ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएन्सर्स एवं यूथ आइकॉन्स युवाओं को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने हेतु प्रेरित किया जायेगा। जिला उपाध्यक्ष भास्कर शर्मा ने बताया कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के स्टेट कैबिनेट मंत्री, सांसद व सभी युवा संस्थाओं के सहयोग से आयोजित इन यात्राओं का नेतृत्व करेंगे। 150 किमी की राष्ट्रीय पदयात्रा नवंबर के प्रथम सप्ताह में निकाली जाएगी। पदयात्रा के रास्ते के सभी गाँवों में सामाजिक विकास के कार्यक्रम होंगे। यात्रा के जीवन पर विकसित भारत की प्रदर्शनी और भारत की विविध संस्कृति का उत्सव मनाया जाएगा। हर शाम सरदार गाथा होगी, जिसमें पटेल के जीवन और योगदान की कहानियाँ सुनाई जाएगी। माय भारत कार्यालय के नेमीचंद जांगिड़ ने पदयात्रा के चरण सम्बन्धी जानकारी दी। जिला स्तरीय पदयात्राएं 31 से 25 नवंबर 2025 तक संसदीय क्षेत्रों में 8-10 किमी लंबी पदयात्रा होगी। इस दौरान यात्रा के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। पदयात्रा से पहले स्थानीय लोगों में माहौल बनाने के लिए स्कूल, कॉलेजों में अलग-अलग प्री ईवेंट गतिविधियां, जैसे निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान योग एवं हेल्थ शिविरों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का भी आयोजन होगा। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र वितरण होगा। प्रेस वार्ता के अंत में नीरज जांगिड़ ने सभी का आभार व धन्यवाद व्यक्त किया। इस मौके पर रवि प्रकाश, राजीव शर्मा, शंकर लाल, कमल कुमार, हितेश सोनी, पुनीत कुमार, अजय कुमार सहित पत्रकार बंधु उपस्थित थे।














