Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं न्यू हाउसिंग बोर्ड चोरीकांड का पर्दाफाश , 50 वर्षीय महिला गिरफ्तार ,...

न्यू हाउसिंग बोर्ड चोरीकांड का पर्दाफाश , 50 वर्षीय महिला गिरफ्तार , सोने-चांदी के आभूषण बरामद

झुंझुनूं न्यू हाउसिंग बोर्ड चोरी मामले में गिरफ्तार महिला और पुलिस द्वारा बरामद किए गए सोने चांदी के आभूषण

डीएसटी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से खुली वारदात की परतें , सीआई श्रवण कुमार मील व उपनिरीक्षक हेमराज मीणा के नेतृत्व में टीम ने किया खुलासा

झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित राजकीय आवास में हुई सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की वारदात का कोतवाली पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय महिला भंवरी देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। इस कार्रवाई में कोतवाली सीआई श्रवण कुमार मील और डीएसटी के उपनिरीक्षक हेमराज मीणा की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, परिवादी संजीव कुमार (31) निवासी ढाणी निहालोठ, पचेरी कलां ने 11 नवंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 10 नवंबर को परिवार के सदस्यों की गैरमौजूदगी में अज्ञात व्यक्ति ने न्यू हाउसिंग बोर्ड स्थित उनके राजकीय आवास में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। अगले दिन दोपहर करीब 1:30 बजे उनके ससुर तेजसिंह ने फोन पर चोरी की सूचना दी। घर पहुंचकर जांच करने पर आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

वारदात की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सीआई श्रवण कुमार मील ने खुलासे के लिए विशेष रणनीति तैयार कर पुलिस टीमों को सक्रिय किया। घटनास्थल का निरीक्षण करवाकर एमआईयू, एमओबी और डॉग स्क्वायड की सहायता से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में हुई चोरी की वारदातों का विश्लेषण किया गया तथा कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।

लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटाने और सुरागरसी के बाद 23 नवंबर को डीएसटी एवं कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध भंवरी देवी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अनुसंधान के दौरान चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए। झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में कोतवाली सीआई श्रवण कुमार मील तथा जिला स्पेशल टीम के उपनिरीक्षक हेमराज मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार महिला की पहचान भंवरी देवी पत्नी सीताराम (50) निवासी छोटूराम के मकान, आदर्श कॉलोनी, रीको क्षेत्र, झुंझुनूं के रूप में हुई है। कार्रवाई में कोतवाली थाने से एएसआई वीरेन्द्र कुमार व विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल महेन्द्र, कांस्टेबल चेनाराम, रूपेन्द्र ओला, प्रवीण, बलराम एवं योगेन्द्र सिंह शामिल रहे वहीं डीएसटी से एएसआई शशिकांत, हेड कांस्टेबल बुलेश एवं हरिश तथा कांस्टेबल सुनील गर्वा, संदीप, अमित, गौतम, योगेन्द्र और कुलदीप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साइबर सेल के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र थाकन का भी सहयोग रहा। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक हेमराज मीणा, कांस्टेबल संदीप और सुनील गर्वा का विशेष योगदान रहा।

Advertisement