Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मतदान के दौरान खूनी संघर्ष , मारपीट में घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण...

मतदान के दौरान खूनी संघर्ष , मारपीट में घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत, जयपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

विजयनगर में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदला, करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी भी घायल, पुलिस ने तीन जनों को हिरासत में लिया, गांव में भारी पुलिस जाप्ता तैनात, पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह पहुंचे अस्पताल, बोले- खेतड़ी में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बबाई पंचायत समिति क्षेत्र की नवनिर्मित विजयनगर ग्राम पंचायत में सोमवार को पंचायती राज चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मतदान के दौरान हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था, लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना में करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी भी घायल हो गए। चुनाव के दौरान हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन जनों को हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की पर्चियां बनाने के लिए लगाए गए बूथ पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

शुरूआत में कहासुनी के रूप में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। इस दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं मारपीट में घायल करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए विजयनगर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और विवाद के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के शव को नीमकाथाना जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

अस्पताल पहुंचे पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह , सरकार पर साधा निशाना

घटना की जानकारी मिलने पर खेतड़ी के पूर्व विधायक एवं पूर्व ऊर्जा तथा जलदाय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी करीब साढ़े सात बजे नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की कुशलक्षेम पूछी और घटना की जानकारी ली। इस दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि खेतड़ी में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो चुकी है। चुनाव के दौरान इस तरह की हिंसक घटना होना गंभीर चिंता का विषय है।

राजनीतिक परिवार से जुड़ा है मृतक का परिवार

पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी का परिवार लंबे समय से ग्राम पंचायत की राजनीति में सक्रिय रहा है। लक्ष्मीनारायण सैनी स्वयं एक बार ग्राम पंचायत के सरपंच रह चुके थे। उनकी पत्नी नाथी देवी भी एक बार सरपंच पद पर निर्वाचित हुई थीं। वहीं उनकी पुत्रवधू सुमन सैनी भी पूर्व में सरपंच रह चुकी हैं और इस बार पुनः सरपंच पद की प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थीं। मतदान के दौरान हुई इस घटना ने परिवार की चुनावी खुशियों को मातम में बदल दिया।

पहली बार हो रहा था मतदान, हिंसा ने बदला माहौल

गौरतलब है कि नई पंचायत के गठन के बाद विजयनगर ग्राम पंचायत में पहली बार चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया आयोजित की जा रही थी। पहली बार पंचायत चुनाव होने के चलते ग्रामीणों में खासा उत्साह था, लेकिन मतदान के दौरान हुए खूनी संघर्ष और पूर्व सरपंच की मौत से पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।

Advertisement