Advertisement
Home राजस्थान चूरू आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स की मांगों को लेकर रेलवे पेंशनर्स ने...

आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स की मांगों को लेकर रेलवे पेंशनर्स ने किया धरना-प्रदर्शन

चूरू रेलवे स्टेशन परिसर में आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स की मांगें शामिल करने के लिए धरना-प्रदर्शन करते सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी

चूरू रेलवे स्टेशन परिसर में तीन घंटे तक चला प्रदर्शन; पुरानी पेंशन के पुनर्निर्धारण और मेडिकल भत्ता बढ़ाने सहित कई मांगें उठाईं

चूरू। आठवें वेतन आयोग में रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनर्स की मांगों को शामिल करवाने की मांग को लेकर शनिवार को रेलवे स्टेशन चूरू परिसर में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी संघ की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले धरने में पेंशनर्स ने केंद्र सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और पेंशनर्स के हितों की अनदेखी नहीं करने की मांग की।

संघ अध्यक्ष आमीन खान ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आठवें वेतन आयोग में 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की पेंशन का पुनर्निर्धारण नहीं करने का प्रावधान किया गया है। संघ ने मांग की कि पूर्व में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का भी नए वेतन आयोग के अनुसार पुनर्निर्धारण किया जाए। इसके लिए आठवें वेतन आयोग के विचारणीय विषयों में आवश्यक संशोधन कर सभी पेंशनर्स को लाभ देने की मांग की गई।

अतिरिक्त पेंशन की दरें बढ़ाने की मांग

पेंशनर्स ने आयु के आधार पर मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन की दरों में बदलाव की मांग भी उठाई। इसके तहत 65 वर्ष की आयु पर 5 प्रतिशत, 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत, 75 वर्ष पर 15 प्रतिशत, 80 वर्ष पर 20 प्रतिशत, 85 वर्ष पर 30 प्रतिशत, 90 वर्ष पर 40 प्रतिशत, 95 वर्ष पर 50 प्रतिशत तथा 100 वर्ष की आयु पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग की गई।

इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के फिक्स मेडिकल भत्ते को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी गई। धरने के दौरान एसोसिएशन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया। संघ ने केंद्र सरकार से रेलवे पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए आठवें वेतन आयोग में उचित प्रावधान करने की अपील की।

इस अवसर पर इकबाल अहमद, मदन सिंह, भंवरू खां, मुंसी खां, दयानन्द, मामराज, ताज मोहम्मद, बनवारीलाल, समुंदर सिंह, महावीर प्रसाद, बाबूलाल, टोरुराम सहित अनेक पेंशनर्स मौजूद रहे।

Advertisement