Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं चिराना फायरिंग कांड में गोठड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जानलेवा हमले में...

चिराना फायरिंग कांड में गोठड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जानलेवा हमले में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद

चिराना फायरिंग कांड में गोठड़ा पुलिस द्वारा बरामद की गई वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल

बुक डिपो पर बैठे मनोज कुमार पर की थी फायरिंग, आरोपी किशाल उर्फ विशाल की निशानदेही पर पुलिस ने जब्त किया वारदात में इस्तेमाल हथियार

गोठड़ा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के गोठड़ा थाना क्षेत्र के चिराना गांव में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में गोठड़ा थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद कर जब्त की है। पुलिस ने यह हथियार प्रकरण में नामजद आरोपी किशाल उर्फ विशाल की निशानदेही पर बरामद किया। इस कार्रवाई से मामले में अनुसंधान के दौरान एक महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाया गया है।

झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 8 फरवरी 2024 को परिवादी मनोज कुमार कल्याण ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि शाम करीब 8 बजे वह अपने भतीजे के बुक डिपो पर बैठा हुआ था।

इसी दौरान किशाल और मोहित वहां पहुंचे तथा उसके साथ बहस करने लगे। इसी बीच किशाल ने उस पर फायरिंग कर दी। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। प्रकरण के अनुसंधान के दौरान गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने एफआईआर में नामजद एवं घटना में शामिल आरोपी किशाल उर्फ विशाल पुत्र बल्लूराम निवासी वार्ड नंबर 19 चिराना, हाल निवासी राहुल कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद कर जब्त की। पुलिस की इस कार्रवाई में गोठड़ा थाने के सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार , कांस्टेबल महेश कुमार तथा कांस्टेबल सरदारमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement