Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं दिव्यांगजनों के जीवन में खुशियों का सहारा बनेगी प्रशासन की पहल, जरूरतमंदों...

दिव्यांगजनों के जीवन में खुशियों का सहारा बनेगी प्रशासन की पहल, जरूरतमंदों को मिलेंगे सहायक उपकरण

झुंझुनूं में दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, तिपहिया साइकिल और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन की पहल

किसी को चलने का सहारा तो किसी को सुनने की सुविधा देने की तैयारी , जरूरतों के आकलन के बाद जिले में लगाए जाएंगे विशेष शिविर

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
किसी जरूरतमंद को चलने का सहारा मिल जाए, किसी श्रवण बाधित व्यक्ति को सुनने की सुविधा मिल जाए और किसी दिव्यांगजन को अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े, तो उसके जीवन में उम्मीद की नई किरण जग सकती है। इसी मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, झुंझुनूं ने जिले के दिव्यांगजनों के लिए सराहनीय पहल की है।

विभाग की ओर से जरूरतमंद दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं की जानकारी जुटाकर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत जिले के ऐसे सभी दिव्यांगजन, जिन्हें व्हीलचेयर, तिपहिया साइकिल, बैसाखी, सुनने की मशीन सहित अन्य किसी प्रकार के सहायक उपकरण की आवश्यकता है, वे निर्धारित ऑनलाइन प्रपत्र के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करवा सकते हैं। प्राप्त जानकारियों के आधार पर दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा तथा जरूरत के अनुसार शिविर आयोजित करवाकर पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

विभाग की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायता उपलब्ध करवाकर उनके जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है। कई बार आर्थिक परेशानियों और जानकारी के अभाव में जरूरतमंद लोग आवश्यक सहायक उपकरणों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में उनकी जरूरतों का पहले से विवरण जुटाकर शिविरों के माध्यम से सहायता पहुंचाने का यह प्रयास महत्वपूर्ण है। विभाग ने जिले के समस्त जरूरतमंद दिव्यांगजनों से जल्द से जल्द निर्धारित प्रपत्र भरने की अपील की है।

साथ ही सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से आग्रह किया है कि इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित नहीं रहे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की इस पहल का संदेश स्पष्ट है कि समाज का प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जी सके। किसी को चलने का सहारा देना, किसी को सुनने की सुविधा उपलब्ध करवाना और किसी के जीवन की कठिनाइयों को कम करना ही इस मानवीय प्रयास की वास्तविक सफलता होगी।

Advertisement