बीकानेर में केंद्रीय कानून मंत्री की प्रेस वार्ता; बोले—सर्वे के बाद रक्षाबंधन पश्चात जारी होगी भाजपा पार्षद प्रत्याशियों की सूची, लोकप्रियता और जनस्वीकार्यता होगी टिकट का आधार



बीकानेर।साहिल पठान
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बुधवार को बीकानेर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में पार्षद प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया सर्वे के आधार पर आगे बढ़ रही है। रक्षाबंधन के बाद पार्टी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी।
लोकप्रियता और जनस्वीकार्यता पर लगेगी टिकट की मुहर
मेघवाल ने कहा कि भाजपा टिकट वितरण में संबंधित दावेदार की लोकप्रियता को महत्वपूर्ण आधार मानती है। पार्टी यह आकलन करती है कि संभावित प्रत्याशी की अपने क्षेत्र में कितनी स्वीकार्यता है और जनता के बीच उसका संपर्क एवं प्रभाव कैसा है। सर्वे के समीकरण सामने आने के बाद इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम निर्णय किया जाएगा।
राहुल गांधी के बयान पर साधा निशाना
राहुल गांधी के हालिया बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे छात्रों से जुड़े मुद्दे पर पुणे गए थे, लेकिन वहां वास्तविक विषय से हटकर राजनीतिक बयानबाजी की गई। मेघवाल ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय उनके वास्तविक मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए।
BRICS का जिक्र, भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका बताई
हाल में हुए BRICS सम्मेलन का उल्लेख करते हुए मेघवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत को नए अवसर मिल रहे हैं और देश तेजी से ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हुए हैं और इस अवधि में भारत ने कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका देश की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।












