Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं प्रशासन की अपील—निर्भीक होकर करें मतदान

प्रशासन की अपील—निर्भीक होकर करें मतदान

झुंझुनूं में पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए सेठ मोतीलाल कॉलेज से मतदान सामग्री के साथ रवाना होते मतदान दल, सुरक्षा में करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात।

460 मतदान दल रवाना , 2 हजार पुलिसकर्मियों के पहरे में होगा मतदान, नवलगढ़, गोठड़ा , उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी में 3 नवंबर को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव , 4.44 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे चुनावी व्यवस्थाएं , संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को जिले की चार पंचायत समितियों नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त संपन्न करवाने के लिए सोमवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज से 460 मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की कमान करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों के हाथों में रहेगी। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद के 13 वार्ड और पंचायत समिति सदस्य के 74 पदों के लिए मतदान होगा। इन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 44 हजार 465 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए 125 मतदान केंद्रों पर 460 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनावी व्यवस्थाओं की निगरानी और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने मतदान दलों को रवाना करते हुए सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा -निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करवाई जाए। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो।

जिला कलेक्टर ने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्हें घर से मतदान केंद्र तक लाने और मतदान के बाद वापस पहुंचाने की व्यवस्था के साथ मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि दिव्यांग मतदाता भी आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक गौरव चतुर्वेदी ने मतदान दलों के कार्मिकों को पूरी सतर्कता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मतदान की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया । चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पुलिस अधिकारी, आरएसी, होमगार्ड तथा अन्य जिलों से बुलाया गया पुलिस जाप्ता शामिल है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

3 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति, 5 को पंच-सरपंच के चुनाव

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि 3 नवंबर को चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद ईवीएम संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर जमा करवाई जाएंगी। इसके बाद इन्हें जिला मुख्यालय स्थित निर्धारित संग्रहण केंद्र में जमा किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी। वहीं, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव होगा।

जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से बिना किसी दबाव या भय के मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Advertisement