अजमेर में प्रेम प्रकाश आश्रम की निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत सीज , वक्फ संपत्ति विवाद में प्रशासन की कार्रवाई, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने नगर निगम आयुक्त , जिला कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखकर की थी हस्तक्षेप की मांग , न्यायाधिकरण के स्टे के बावजूद निर्माण जारी रहने का मामला


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
वक्फ संपत्ति के संरक्षण को लेकर राजस्थान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष खानू खां बुधवाली के कड़ा रूख अपनाने के बाद अजमेर में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली गेट स्थित प्रेम प्रकाश आश्रम की निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत को नगर निगम ने सीज कर दिया। विवादित संपत्ति पर निर्माण को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों के बीच हुई इस कार्रवाई ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।
वक्फ संपत्ति के संरक्षण के मामले में राजस्थान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष खानू खां बुधवाली ने गंभीरता दिखाते हुए नगर निगम आयुक्त, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा था। उन्होंने संबंधित स्थल पर अवैध निर्माण रूकवाने तथा वक्फ संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। बोर्ड की ओर से मामले में प्रशासनिक हस्तक्षेप कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया था।
न्यायाधिकरण के स्टे के बावजूद निर्माण का मामला
इस विवादित संपत्ति को लेकर राजस्थान वक्फ न्यायाधिकरण, जयपुर की ओर से स्थगन आदेश (स्टे) जारी किया गया था। आरोप है कि स्टे के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। इस पर राजस्थान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष खानू खां बुधवाली और काजी मुनव्वर अली ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की थी।
शिकायत के बाद सीज हुई चार मंजिला इमारत
विवादित निर्माण को लेकर उठाए गए मुद्दे के बाद नगर निगम ने प्रेम प्रकाश आश्रम की निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत को सीज करने की कार्रवाई की। इस घटनाक्रम को वक्फ संपत्ति के संरक्षण से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। विवादित संपत्ति से जुड़े सभी पहलुओं का निस्तारण संबंधित न्यायिक आदेशों और नियमानुसार किया जाना आवश्यक है।












