सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, 41 वर्षीय तेजपाल शर्मा उर्फ बुल्ला को BNSS की धारा 170 के तहत पकड़ा, एसडीएम कोर्ट में किया पेश


चूरू। जिले के गांव घंटेल में नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्रवाई करने पहुंची सदर थाना पुलिस की टीम से कथित तौर पर उलझने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को घंटेल निवासी 41 वर्षीय तेजपाल शर्मा उर्फ बुल्ला के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
एनडीपीएस मामलों में पूर्व में चालानशुदा आरोपियों के खिलाफ अभियान
सदर थाना पुलिस के अनुसार, महानिदेशक पुलिस राजस्थान के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पूर्व में चालानशुदा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गांव घंटेल पहुंची थी। टीम तेजपाल शर्मा के घर के सामने पहुंची तो वहां एक व्यक्ति खड़ा मिला।
पुलिस का आरोप है कि टीम को देखकर वह नाराज हो गया और जोर-जोर से बोलते हुए पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे अभियान के तहत कार्रवाई के उद्देश्य की जानकारी दी, लेकिन वह कथित तौर पर नहीं माना और टीम के साथ उलझने लगा।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, समझाइश के बावजूद व्यक्ति का व्यवहार नहीं बदला और वह मारपीट पर उतारू हो गया। संभावित संज्ञेय अपराध की आशंका और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
बाद में आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत एनडीपीएस मामलों में पूर्व में चालानशुदा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।











