जयपुर की वाइपर ओपन चैंपियनशिप में वैभव ने जीता स्वर्ण, नमन, कंचन और गौरव ने जीते रजत पदक , चार खिलाड़ियों ने कांस्य पर जमाया कब्जा


सिंघाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेल के मैदान में मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर सिंघाना के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जयपुर में आयोजित तृतीय वाइपर ओपन कराटे चैंपियनशिप में ऐरावत मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक जीतकर सिंघाना क्षेत्र का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस सही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर की।
वैभव ने जीता स्वर्ण, तीन खिलाड़ियों ने हासिल किए रजत पदक
ऐरावत मार्शल आर्ट के मुख्य प्रशिक्षक अभिषेक कुमार राजोरा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी वैभव ने स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान और क्षेत्र को गौरवान्वित किया। वहीं नमन, कंचन और गौरव ने रजत पदक हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा आयुष, विवान, मुकुल और शुभम ने कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में सफलता का परचम लहराया। आठ पदक जीतने की इस उपलब्धि ने खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास को सार्थक साबित किया।
मुख्य प्रशिक्षक अभिषेक कुमार राजोरा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिंघाना का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का अगला लक्ष्य अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना है।
इसके लिए खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सिंघाना क्षेत्र में ऐरावत मार्शल आर्ट के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसरों के लिए तैयार करना है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्थान के प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













