Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निष्पक्षता और पारदर्शिता से कराएं चुनाव , हर कार्मिक निभाए जिम्मेदारी –...

निष्पक्षता और पारदर्शिता से कराएं चुनाव , हर कार्मिक निभाए जिम्मेदारी – राजेश्वर सिंह

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान दलों को किया रवाना, स्वीप गतिविधियों की सराहना कर मतदाताओं से की अधिकाधिक मतदान की अपील, निकाय चुनाव की सफलता का श्रेय कार्मिकों को दिया, हेतमसर व वाहिदपुरा के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायतीराज आम चुनाव -2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मतदान कार्मिकों को पूरी सजगता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। मंगलवार को झुंझुनूं के सेठ मोतीलाल कॉलेज परिसर में आयोजित मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण के बाद उन्होंने जिले की छह पंचायत समितियों के लिए मतदान दलों को रवाना किया।

इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट, एरिया मजिस्ट्रेट, मतदान दलों और निर्वाचन कार्य में लगे अन्य कार्मिकों की है।

सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सजगता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करना जरूरी है। मतदान के दौरान किसी भी परिस्थिति में निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्मिक अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति गंभीर रहें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निकाय चुनाव की सफलता का पूरा श्रेय निर्वाचन कार्य में जुटे कार्मिकों को है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के बिना चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराना संभव नहीं था। उन्होंने कार्मिकों से इसी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ पंचायतीराज चुनाव में भी अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राजेश्वर सिंह ने जिले में मतदाता जागरूकता के लिए संचालित स्वीप गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपने मताधिकार का प्रयोग करने और अधिकाधिक मतदान कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत कंट्रोल रूम में दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों की मौजूदगी में रवाना हुए मतदान दल

सेठ मोतीलाल कॉलेज परिसर में प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग, पर्यवेक्षक डॉ. गौरव चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, स्वीप के राज्य प्रभारी प्रो. सुधीर सोनी तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर परशुराम धानका सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मतदान दलों की रवानगी के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को हेतमसर एवं वाहिदपुरा स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Advertisement