Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पंचायतीराज चुनाव : 5.65 लाख मतदाता बुधवार को करेंगे मतदान , 604...

पंचायतीराज चुनाव : 5.65 लाख मतदाता बुधवार को करेंगे मतदान , 604 केंद्रों पर तैयारियां पूरी

झुंझुनूं में पंचायती राज चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए सेठ मोतीलाल कॉलेज से निर्वाचन सामग्री लेकर रवाना होते मतदान दल

सेठ मोतीलाल कॉलेज से रवाना हुए मतदान दल , 6 पंचायत समितियों झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी व बुहाना और जिला परिषद के 16 वार्डों में होगा मतदान, 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, 52 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायतीराज आम चुनाव – 2026 के दूसरे चरण के मतदान को लेकर जिले में चुनावी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार, 28 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज परिसर से मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों ने ईवीएम, बैलेट पेपर एवं अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री प्राप्त की और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने-अपने मतदान केंद्रों की ओर प्रस्थान किया।

मतदान दलों की रवानगी के दौरान वाहन पार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। दूसरे चरण में जिले की झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समितियों के 102 वार्डों तथा जिला परिषद के 16 वार्डों में मतदान होगा। इस चरण में कुल 5 लाख 65 हजार 634 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 2 लाख 93 हजार 676 पुरूष और 2 लाख 71 हजार 958 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिले में दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल 604 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं, 52 क्रिटिकल मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं, जहां सुरक्षा एवं निगरानी सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. अरूण गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी मतदान केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए निर्वाचन कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

ईवीएम से मतदान के बाद बैलेट पेपर से होगा सरपंच का चुनाव

पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए बुधवार, 28 अक्टूबर को ईवीएम के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। इसके अगले दिन, गुरूवार 29 अक्टूबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा।

शनिवार, 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। इस प्रकार मतदान दलों को अलग-अलग चरणों में ईवीएम और बैलेट पेपर के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी। दूसरे चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी के साथ ही जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जहां 5.65 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती में भागीदारी निभाएंगे।

Advertisement