शेखावाटी पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह , दृष्टि-प्रिंसी को 15-15 हजार और अमन-पीयूष को 7-7 हजार रूपए के चेक देकर किया सम्मानित
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेलों के मैदान में अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने वाले शेखावाटी पब्लिक स्कूल, हेतमसर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मान किया गया। समारोह में जूडो, बॉक्सिंग और वुशू प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा गया तथा उन्हें प्रोत्साहित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में विद्यालय के चेयरमैन संतोष मित्तल, सचिव निर्मला मित्तल, एकेडमिक डायरेक्टर ज्योति मित्तल , एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दीपिका मित्तल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से खेलों में सफलता के नए मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
दृष्टि और प्रिंसी को 15-15 हजार रूपए का पुरस्कार
सीबीएसई राष्ट्रीय स्तर की जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली छात्राएं दृष्टि और प्रिंसी को 15-15 हजार रूपए के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, सीबीएसई वेस्ट जोन जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने वाले कक्षा 12वीं के छात्र अमन को 7 हजार रूपए का चेक देकर पुरस्कृत किया गया। बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले कक्षा 12वीं के छात्र पीयूष को भी 7 हजार रूपए का चेक प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
वुशू के पदक विजेताओं का भी बढ़ाया मान
विद्यालयी राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले अफजल, वैभव और फैजान का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए अतिथियों ने उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.एस. फौजदार ने समारोह में उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारने, अनुशासन अपनाने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।0समारोह ने विद्यार्थियों में खेल भावना, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का उत्साह जगाया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उनके निरंतर सफलता की ओर अग्रसर रहने की कामना की।












