Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बाय सरपंच पर जानलेवा हमले का 20 हजार का इनामी मुख्य आरोपी...

बाय सरपंच पर जानलेवा हमले का 20 हजार का इनामी मुख्य आरोपी हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार

झुंझुनूं की सिंघाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की कार्रवाई में इनामी आरोपी की गिरफ्तारी और अवैध हथियार बरामदगी

सिंघाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई , एक पिस्टल, दो देशी कट्टे , दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद , मुख्य आरोपी के खिलाफ 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज

सिंघाना । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनावों से पहले वांछित अपराधियों की धरपकड़ और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झुंझुनूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघाना थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नवलगढ़ क्षेत्र के बाय गांव के सरपंच पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित 20 हजार रूपये के इनामी मुख्य आरोपी कपिल उर्फ कपिल पण्डित और उसके साथी मनीष पण्डित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे, दो मैगजीन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी कपिल पण्डित के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा बुहाना वृत्ताधिकारी मंजू चौहान के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। सिंघाना थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुगन सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा की टीम ने संयुक्त रूप से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह पुलिस जाब्ते के साथ पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर गश्त, बदमाशों की निगरानी और बूथ चेकिंग पर रवाना थे। इसी दौरान जिला स्पेशल टीम प्रभारी उपनिरीक्षक हेमराज मीणा से सूचना मिली कि बाय गांव के सरपंच पर रात के समय हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित 20 हजार रूपये का इनामी आरोपी कपिल उर्फ कपिल पण्डित अपने साथियों के साथ ईश्कपुरा की रोही में ढाणा से रोजड़ा जाने वाले रास्ते पर बालाजी मंदिर के पास मौजूद है। सूचना में आरोपियों के पास हथियार होने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में होने की जानकारी भी दी गई।

इसके बाद सिंघाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी। पुलिस जाब्ते को देखकर दो संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम कपिल उर्फ कपिल पण्डित (23), पुत्र हरिराम, निवासी बाय, थाना नवलगढ़, जिला झुंझुनूं तथा दूसरे ने अपना नाम मनीष पण्डित (22), पुत्र गोपाल प्रसाद, निवासी इकलेहरा, थाना डीग सदर, जिला डीग बताया। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे, दो मैगजीन और कुल 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से हथियारों के संबंध में पूछताछ करने के साथ ही मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कपिल उर्फ कपिल पण्डित बाय गांव के सरपंच पर जानलेवा हमले के मामले में मुख्य वांछित आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रूपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसे सक्रिय अपराधी बता रही है। आगामी पंचायती राज चुनावों को देखते हुए वांछित अपराधियों की धरपकड़ और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्रवाई में सिंघाना थाना पुलिस की ओर से थानाधिकारी सुगन सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार , आरटी कांस्टेबल योगेश तथा चालक कांस्टेबल भूपेन्द्र शामिल रहे। वहीं, जिला स्पेशल टीम झुंझुनूं की ओर से टीम प्रभारी हेमराज मीणा, एएसआई शशिकांत, हेड कांस्टेबल हरीश कुमार , साइबर सेल के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र थाकन , कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल कुलदीप ने कार्रवाई में भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा और एएसआई शशिकांत का विशेष योगदान रहा।

Advertisement