Advertisement
Home राजस्थान चूरू तनाव प्रबंधन से जीवन में संतुलन और सकारात्मकता लाता है मेडिटेशन एवं...

तनाव प्रबंधन से जीवन में संतुलन और सकारात्मकता लाता है मेडिटेशन एवं योग

चूरू में ब्रह्माकुमारी संस्थान के सान्निध्य में शिक्षक-अभिभावकों के लिए आयोजित तनाव प्रबंधन मेडिटेशन एवं योग सेमिनार

ब्रह्माकुमारी संस्थान के सान्निध्य में शिक्षक-अभिभावकों के लिए सेमिनार आयोजित, मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बच्चों की एकाग्रता प्रभावित होने पर जताई चिंता

चूरू। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी बाल विहार विद्यालय के बच्छावत ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में तनाव प्रबंधन (स्ट्रेस मैनेजमेंट) पर आधारित मेडिटेशन एवं योग विषयक एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारी संस्थान, बालोतरा की मोटिवेशनल स्पीकर, प्रबंधन एवं राजयोग प्रशिक्षक बहन अस्मिता तथा चूरू ब्रह्माकुमारी केंद्र की बहन सुमन और बहन रेखा के सान्निध्य में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों एवं अभिभावकों को विद्यार्थियों के व्यवहार और आदतों को समझने के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे बच्चों के तनाव को कम कर उन्हें सकारात्मक, सृजनात्मक और जीवनोपयोगी शिक्षा की ओर प्रेरित कर सकें।

मेडिटेशन और योग से तनाव प्रबंधन पर जोर

मुख्य वक्ता बहन अस्मिता ने तनाव के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तनाव व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित करता है। नियमित मेडिटेशन एवं योग के अभ्यास से जीवन में संतुलन स्थापित करने और तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने बताया कि ध्यान एक ऐसी मानसिक अभ्यास पद्धति है, जिसके माध्यम से व्यक्ति मन को शांत करना, अपने विचारों को समझना और वर्तमान क्षण के प्रति जागरूक रहना सीखता है। वहीं, योग शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है। सेमिनार के दौरान विद्यालय के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को तनाव प्रबंधन के लिए विभिन्न मेडिटेशन एवं योग अभ्यास भी करवाए गए।

मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बच्चों की एकाग्रता प्रभावित

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमसिंह राठौड़ ने कहा कि मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और शीघ्र सफलता प्राप्त करने की आकांक्षा ने बच्चों की एकाग्रता को प्रभावित किया है। इसके कारण अनेक बच्चे अध्ययन से दूर होते जा रहे हैं। छोटी-छोटी बातों पर क्रोधित होना, आपस में झगड़ना और शीघ्र सफलता को ही जीवन का पर्याय मानना उनकी सहज प्रवृत्ति बनती जा रही है।

उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ ही शारीरिक खेलों एवं श्रम के प्रति उनकी रुचि भी कम हो रही है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से सेमिनार आयोजित किया गया, ताकि दोनों पक्ष विद्यार्थियों के व्यवहार को बेहतर ढंग से समझकर उनके तनाव को कम करने और उन्हें सही लक्ष्य की ओर प्रेरित करने में सहयोग कर सकें।

विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार

विद्यालय संचालक न्यास के मुख्य न्यासी बसंत कुमार पारख, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. सूरजमल सुराणा एवं सचिव आनंद बालाण सहित दिल्ली और कोलकाता के अन्य सदस्यों ने दूरभाष के माध्यम से विद्यालय प्रशासन को सेमिनार के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मानव कल्याण के उद्देश्य से तनाव प्रबंधन सेमिनार आयोजित करने के लिए ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।

सैकड़ों कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में घनश्याम शर्मा, रवीन्द्र सिंह शेखावत, विजय शर्मा, अनिल शर्मा, महेश शर्मा, भवानी सिंह, इंतजार अली, रजत शर्मा, मनीष शर्मा, मुदित शर्मा, आदिल खान, तख्त सिंह, कल्पना जांगिड़, ज्योति मेड़तिया, नीलम शर्मा, नूतम शर्मा, वंदना शर्मा, निर्मला तलवानी, रेखा शर्मा, रश्मि साधवानी, खुशी जैन और प्रतिभा कंवर सहित विद्यालय के सैकड़ों कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन आनंद कंवर ने किया। सेमिनार के माध्यम से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और सर्वांगीण विकास में शिक्षक-अभिभावकों की भूमिका को रेखांकित किया गया।

Advertisement