Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुग्गी-झोपड़ियों में गूंजा बेटियों के सपनों का संदेश, शिक्षा से संवरेगा भविष्य

झुग्गी-झोपड़ियों में गूंजा बेटियों के सपनों का संदेश, शिक्षा से संवरेगा भविष्य

झुंझुनूं के रीको एरिया की झुग्गी-झोपड़ियों में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं के साथ कार्यक्रम आयोजित करते राजस्थान महिला कल्याण मंडल के प्रतिनिधि

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन की पहल , जरूरतमंद बालिकाओं के बीच मनाई खुशियां, बालिकाओं को अधिकारों की जानकारी देकर शिक्षा के लिए किया प्रेरित , अभिभावकों से बेटा-बेटी को समान अवसर देने की अपील

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
बेटियों को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर दिलाने के संकल्प के साथ अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) की ओर से अनूठी पहल की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने शहर के रीको एरिया स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर वहां रहने वाली वंचित एवं जरूरतमंद बालिकाओं के साथ खुशियां साझा कीं। इस दौरान बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

केक काटकर मनाया बालिका दिवस , बच्चियों के चेहरों पर खिली मुस्कान

कार्यक्रम की शुरूआत बालिकाओं के बीच केक काटकर की गई। इसके बाद बच्चियों को बिस्कुट वितरित किए गए। इस पहल से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली बालिकाओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। संस्था के प्रतिनिधियों ने बच्चियों के साथ संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने, अपने सपने संजोने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर शिक्षा हासिल करने का संदेश दिया। राजस्थान महिला कल्याण मंडल की जिला कोऑर्डिनेटर चेतना शर्मा ने बालिकाओं को उनके कानूनी एवं मूलभूत अधिकारों की जानकारी दी।

उन्होंने शिक्षा को आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए बालिकाओं को पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं के अभिभावकों से भी संवाद किया और बेटियों को बेटों के समान अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की। उन्होंने समझाया कि बेटियों को शिक्षा और प्रोत्साहन मिलने से न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल बनता है, बल्कि परिवार और समाज भी प्रगति की राह पर आगे बढ़ते हैं।

बेटियों को समान अवसर देकर ही एक सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में राजस्थान महिला कल्याण मंडल की जिला कोऑर्डिनेटर चेतना शर्मा के साथ अदिति मीणा, विनोद कुमार और अनिल चौधरी ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को शिक्षा, समानता और बालिका अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। संस्था की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बालिकाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। स्थानीय लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की।

Advertisement