हत्या के मामले में वर्ष 2007 में हुई थी उम्रकैद की सजा, जेल से फरार होने के बाद स्थायी गिरफ्तारी वारंट पर पुलिस ने पकड़ा , कोतवाली थाना पुलिस को सौंपा
बिसाऊ । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिसाऊ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काटते समय जेल से फरार हुए दंडित अपराधी देवीसिंह को डिटेन किया है। करीब 11 वर्ष पहले जेल से फरार हुए देवीसिंह को स्थायी गिरफ्तारी वारंट के तहत पकड़ा गया। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे झुंझुनूं के कोतवाली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, देवीसिंह पुत्र शीशपाल निवासी महनसर, हाल बिसाऊ को वर्ष 2007 में हत्या के एक प्रकरण में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। सजा काटने के दौरान वह झुंझुनूं जेल से फरार हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ कोतवाली थाना झुंझुनूं में दर्ज प्रकरण में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
बस स्टैंड पर खड़ा मिला, पूछताछ में हुई पहचान
पुलिस कार्रवाई के अनुसार , 11 अक्टूबर को बिसाऊ थानाधिकारी उमाशंकर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को वांछित अपराधी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ बिसाऊ बस स्टैंड पहुंचे, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम देवीसिंह पुत्र शीशपाल, निवासी महनसर, हाल बिसाऊ बताया। पुलिस ने पहचान और रिकॉर्ड की जांच के बाद उसे डिटेन कर लिया। पूछताछ में कोतवाली थाना झुंझुनूं के प्रकरण में वांछित होने की पुष्टि होने पर उसे संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
झुंझुनूं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में चल रहा विशेष अभियान
यह कार्रवाई झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण नरेश कुमार के सुपरविजन में बिसाऊ थानाधिकारी उमाशंकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई करने वाली टीम में बिसाऊ थानाधिकारी उमाशंकर, सहायक उपनिरीक्षक रणधीर, हेड कांस्टेबल अनिता , कांस्टेबल नरेन्द्र , राकेश कुमार , मुकेश कुमार और कांस्टेबल विकास शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे दंडित अपराधी को पकड़कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।













