चूरू कोतवाली पुलिस ने 6.70 ग्राम हेरोइन के साथ ओम कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय युवक को दबोचा, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नशे के नेटवर्क की जांच शुरू
चूरू। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने 6.70 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से मादक पदार्थ बरामद हुआ।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को हुआ संदेह
कोतवाली थाने के एसआई हंसराज गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए निकली थी। टीम ने सफेद घंटाघर, सुभाष चौक सहित आसपास के इलाकों में गश्त करने के बाद कस्बा पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की।
इसी दौरान पैदल आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़ा और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक घबराया हुआ नजर आया और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
प्लास्टिक की थैली में छिपा रखा था चिट्टा
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान वार्ड संख्या 31 स्थित ओम कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब में रखी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से 6.70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को चिट्टे के सेवन का आदी बताया है।
मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस
मामले की जांच दूधवाखारा थाना प्रभारी सीआई देवेंद्र सोनी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की उपलब्धता के स्रोत और नशे से जुड़े अन्य संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।











