आरके रिसोर्ट में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, सिद्धि शर्मा प्रथम, प्रियंका द्वितीय और नेहा तृतीय स्थान पर रहीं
चूरू। समग्र शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को आरके रिसोर्ट, चूरू में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेलों में चयनित बालिकाओं तथा गार्गी मंच, आत्मरक्षा और कला-पेंटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जेंडर शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जोधिविनिलि), चूरू के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार शर्मा ने कहा कि भारत में गार्गी और मैत्रेयी जैसी विदुषियों के साथ अनेक वीरांगनाएं हुई हैं। बालिकाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यालय अधीक्षक पवन कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय महिलाओं का युग है और नारी सदैव वंदनीय रही है।
बालिकाओं के अधिकारों और सशक्तीकरण पर जोर
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक सरिता आत्रेय ने कहा कि बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। आज बालिकाएं वायुसेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं और नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं।उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस-2026 की थीम ‘बाल विवाह को समाप्त करें एवं बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें’ का उल्लेख करते हुए कहा कि बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।सहायक परियोजना अधिकारी सूर्यकांत शर्मा ने बालिकाओं को शक्ति का प्रतीक बताते हुए उनके सम्मान और प्रोत्साहन पर जोर दिया। वहीं, सहायक परियोजना अधिकारी प्रेम सिंह इंदा ने कहा कि बालिकाएं खेल, सेना, चिकित्सा और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सिद्धि शर्मा प्रथम
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेठवा, तारानगर की सिद्धि शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शोभासर, सुजानगढ़ की प्रियंका ने द्वितीय तथा पीएमश्री मोहता बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजगढ़ की नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया।कार्यक्रम में करीब 150 बालिकाओं को टी-शर्ट, कैप और लैमिनेटेड प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 25 जेंडर शिक्षकों को भी टी-शर्ट, कैप और प्रशस्ति पत्र दिए गए।राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में चूरू जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली भूमिका शर्मा को भी जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अधिकारियों और शिक्षकों ने किया सहयोग
कार्यक्रम में एसीबीईओ धर्मवीर मीणा, भोजराज दाधीच, मुकुल भाटी, अल्का लांबा, ज्योति मांग्यालारा और मीना ने भी अपने विचार रखे।इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी मुकेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, तेजपाल सिंह, नंदलाल बौद्ध और योगेंद्र चोटिया ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम के आयोजन में माधुरी शर्मा, पूनम चोटिया, सुशील तंवर, सुरेंद्र परिहार, विजेंद्र कुमार, राजेश कुमार गढ़वाल, अशोक कुमार सैनी, मोहर सिंह, शिवदत्त यादव और नेतराम सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन शिविर प्रभारी एवं कार्यक्रम अधिकारी अशोक दाधीच तथा हेमंत शर्मा ने किया। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में बालिका सशक्तीकरण को बढ़ावा देना रहा।











