आशापुरा माताजी मंदिर परिसर में हुई आवेदन प्रक्रिया, 17 वार्डों में टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं ने पेश की दावेदारी
देसूरी। प्रहलाद सिंह चारण
पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी में टिकट की दावेदारी तेज हो गई है। शनिवार को देसूरी पंचायत समिति के 17 वार्डों में सदस्य पद के लिए टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने आशापुरा माताजी मंदिर परिसर में आवेदन जमा करवाए। इस दौरान कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए। कई दावेदार समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे तथा अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के नेतृत्व में आयोजित आवेदन संग्रहण कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। इस दौरान प्रभारी भरत त्रिवेदी, संयोजक घनश्याम सिंह राजपुरोहित मादा, अनिल सिंह, देसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष अभय सिंह राजपुरोहित और सहसंयोजक सज्जन सिंह नाडोल की मौजूदगी में आवेदन लिए गए।
युवाओं से राजनीति में आगे आने की अपील
विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि युवाओं को राजनीति में आगे आकर समर्पित भाव से समाजसेवा करनी चाहिए। समाज और क्षेत्र के विकास के लिए युवाओं को कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीति का मुख्य उद्देश्य जनसेवा और विकास होना चाहिए।
विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में खजाना खाली होने की स्थिति थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के गांवों और ढाणियों तक विकास कार्यों को गति देने की पहल की जा रही है।
महिला सशक्तीकरण और संगठन की एकजुटता पर जोर
भाजपा महिला नेत्री सुमित्रा राजपुरोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर मिलने से वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
भाजपा नेता मुकेश सिंह राजपुरोहित ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। देसूरी पंचायत समिति के 17 वार्डों में कई कार्यकर्ता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन पार्टी प्रत्येक वार्ड में एक ही प्रत्याशी को टिकट देगी। उन्होंने कहा कि टिकट किसी को भी मिले, सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए समर्पित भाव से काम करना चाहिए।
समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचीं महिला दावेदार
आवेदन संग्रहण कार्यक्रम में सुबह से ही विभिन्न वार्डों के दावेदार अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। वार्ड संख्या 12 से संगीता भरत कुमार ठाकुर और शोभा अशोक वैष्णव ने भी टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की। दोनों ने आशापुरा माताजी मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद आवेदन जमा करवाए।
17 वार्डों के लिए कुल 45 आवेदन प्राप्त होने के बाद अब दावेदारों की नजर पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर टिकी है। टिकट वितरण के बाद सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ एकजुट बनाए रखना भी पार्टी के सामने महत्वपूर्ण चुनौती होगी।












