लुधियाना में 6 से 11 दिसंबर तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का करेंगे प्रतिनिधित्व, विद्यालय परिवार ने दी बधाई
सादड़ी। पाली । प्रहलाद सिंह
श्री खेतलाजी मंडल द्वारा संचालित आदर्श विद्यालय, सादड़ी के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय के कक्षा आठवीं के प्रतिभाशाली छात्र अमन का SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) की राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग के लिए चयन हुआ है। चयन प्रतियोगिता 25 से 28 नवंबर 2026 तक बीपीएस कॉन्वेंट स्कूल, लक्ष्मणगढ़ (सीकर) में आयोजित की गई थी।
अमन अब 6 से 11 दिसंबर तक पंजाब के लुधियाना में आयोजित होने वाली SGFI राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने से अमन ने मंडल, विद्यालय, अपने माता-पिता और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
अमन की इस सफलता में उनके कराटे प्रशिक्षक संपत राज सोलंकी एवं राहुल माली का मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी महत्वपूर्ण रहा है।
संस्था अध्यक्ष दिलीप भंडारी, उपाध्यक्ष नरेश जैन, सेक्रेटरी सुनील पुनमिया, ट्रेजरेर अरविंद राठौड़, संस्था के अन्य सदस्यों, विद्यालय प्रधानाचार्या हेमलता सिंह, प्रशासक अरुण सिंह तथा विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अमन को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। अमन का चयन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा और उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देगा।

















