सूरजगढ़ थाना पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के मामले में वांछित संदीप उर्फ छोटू गिरफ्तार
सूरजगढ़ I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में फरार एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सूरजगढ़ थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रूपये के इनामी वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी के एक प्रकरण में वांछित था तथा उसके विरूद्ध धारा 299 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई भी की जा चुकी थी। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। सूरजगढ़ थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा एवं डीएसटी प्रभारी हेमराज के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने लगातार निगरानी, सूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप उर्फ छोटू पुत्र अजीत सिंह निवासी हजारीवास, थाना रायपुर, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रूपये का इनाम घोषित था तथा न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ धारा 299 सीआरपीसी के तहत कार्यवाही भी की गई थी। पुलिस टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी और सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान टीम में डीएसटी झुंझुनूं टीम , हेमराज, उपनिरीक्षक एवं प्रभारी डीएसटी, गौतम, रामवतार कांस्टेबल , पुलिस थाना सूरजगढ़ टीम , रणजीत सिंह सेवदा, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी , पारसराम, सहायक उपनिरीक्षक , प्रवीण कुमार, महेश कुमार कांस्टेबल शामिल रहें Iफरार अपराधियों पर लगातार शिकंजा पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में फरार, इनामी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। कानून से बचने का प्रयास करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।










