ईशु ने हासिल किया प्रथम , आयुष ने पाया द्वितीय स्थान , विद्यार्थियों की प्रतिभा ने बढ़ाया विद्यालय का मान
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। 5 अक्टूबर को राजस्थानी शिशु मंदिर स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जिले के 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 5 के छात्र ईशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 8 के छात्र आयुष ने द्वितीय स्थान हासिल किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी तीक्ष्ण बुद्धि, त्वरित निर्णय क्षमता और व्यापक सामान्य ज्ञान का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि पर प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत के साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन की भी सराहना की। संस्थान निदेशक निर्मल कालेर ने कहा कि विद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न बौद्धिक प्रतियोगिताओं के लिए भी निरंतर तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए आगे भी बेहतर मंच उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अवसर पर संस्थान के एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ. अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने ईशु और आयुष की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










