एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में आयोजन

पुलिस लाइन में लगा स्वास्थ्य का महाकुंभ, सैकड़ों पुलिसकर्मियों व परिजनों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन झुंझुनूं में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। एपेक्स स्काईलाइन अस्पताल, झुंझुनूं के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ प्रातः 8 बजे हुआ। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। साथ ही रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए।।चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य ही बेहतर कार्यक्षमता का आधार है और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सकती है। शिविर में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्य परिस्थितियों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि कार्मिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी बनाते हैं।।पुलिस विभाग और एपेक्स स्काईलाइन अस्पताल के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह शिविर पुलिस परिवार के लिए स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय और उपयोगी पहल साबित हुआ।