बकरियों को लेने पहुंचे युवक पर झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने किया हमला; ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
पाली।प्रहलाद सिंह चारण
जिले के देसूरी क्षेत्र के वीरमपुरा गांव में लेपर्ड के हमले में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कमाल नाथ के रूप में हुई है। हमले में उसकी पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार कमाल नाथ अपनी बकरियों को लेने जा रहा था। रास्ते में वह उन मृत बकरियों के पास पहुंचा, जिनका कथित तौर पर लेपर्ड ने शिकार किया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने अचानक युवक पर हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से युवक घायल हो गया। इसके बावजूद उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन घायल कमाल नाथ को उपचार के लिए बाली जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत
लेपर्ड के हमले की घटना के बाद वीरमपुरा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।












