Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निकाय चुनाव की तस्वीर साफ: 555 वार्डों में 2,954 प्रत्याशी मैदान में

निकाय चुनाव की तस्वीर साफ: 555 वार्डों में 2,954 प्रत्याशी मैदान में

झुंझुनूं की 19 नगरीय निकायों में 3,558 नामांकन दाखिल, संवीक्षा में 434 निरस्त; अब 3 सितंबर तक नाम वापसी का मौका

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर झुंझुनूं जिले में चुनावी मुकाबले की तस्वीर अब साफ होने लगी है। जिले की एक नगर परिषद और 18 नगर पालिकाओं के 555 वार्डों में पार्षद पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी हो गई है। संवीक्षा के बाद 2,954 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में वैध रूप से शेष रहे हैं। हालांकि प्रत्याशियों की अंतिम संख्या 3 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि जिले की 19 नगरीय निकायों के 555 वार्डों के लिए 3,139 अभ्यर्थियों ने कुल 3,558 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 434 नामांकन पत्र निरस्त किए गए, जबकि 3,123 नामांकन पत्र वैध पाए गए। वैध नामांकन के आधार पर फिलहाल 2,954 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं।

झुंझुनूं नगर परिषद में 334 प्रत्याशी

नगर परिषद झुंझुनूं के 60 वार्डों के लिए 359 अभ्यर्थियों ने 433 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा में 73 नामांकन निरस्त होने के बाद 334 अभ्यर्थी वैध पाए गए। बगड़ के 20 वार्डों में 93 अभ्यर्थियों के 105 नामांकन में से 12 निरस्त हुए और 89 अभ्यर्थी मैदान में रहे। चिड़ावा के 45 वार्डों के लिए 277 अभ्यर्थियों ने 282 नामांकन दाखिल किए। इनमें 15 निरस्त होने के बाद 265 अभ्यर्थी वैध रहे। सिंघाना के 35 वार्डों में 262 अभ्यर्थियों ने 283 नामांकन दाखिल किए, जिनमें 21 निरस्त होने के बाद 254 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सुल्ताना के 25 वार्डों में 165, मंड्रेला के 25 वार्डों में 121, पिलानी के 35 वार्डों में 199, विद्याविहार के 25 वार्डों में 97 तथा सूरजगढ़ के 25 वार्डों में 160 अभ्यर्थी वैध पाए गए हैं। खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों में 233 अभ्यर्थियों ने 335 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा में 82 नामांकन निरस्त होने के बाद 216 अभ्यर्थी वैध रहे। उदयपुरवाटी के 35 वार्डों में 243 अभ्यर्थियों के 330 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें 70 निरस्त होने के बाद 223 अभ्यर्थी वैध पाए गए। नवलगढ़ के 45 वार्डों में 198, बुहाना के 20 वार्डों में 105, जाखल के 20 वार्डों में 60, मुकुंदगढ़ के 25 वार्डों में 111, मंडावा के 25 वार्डों में 72, बिसाऊ के 25 वार्डों में 86 तथा मलसीसर के 20 वार्डों में 113 अभ्यर्थी वैध रहे। डूंडलोद नगरपालिका में संवीक्षा के दौरान खास स्थिति रही। यहां 20 वार्डों के लिए 86 अभ्यर्थियों ने 86 नामांकन पत्र दाखिल किए थे और एक भी नामांकन पत्र निरस्त नहीं हुआ। सभी 86 नामांकन वैध पाए गए।

3 सितंबर को नाम वापसी, 4 को चुनाव चिन्ह

अब चुनावी मैदान में मौजूद प्रत्याशियों के लिए अगला महत्वपूर्ण चरण नाम वापसी का है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि अभ्यर्थी 3 सितंबर 2026, गुरूवार को अपराह्न 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। नाम वापसी के बाद ही यह तय होगा कि जिले के 555 वार्डों में वास्तव में कितने प्रत्याशी आमने-सामने होंगे। इसके साथ ही निकाय चुनाव का प्रचार अभियान भी निर्णायक दौर में प्रवेश करेगा।

एक नजर में चुनावी गणित

19 — कुल नगरीय निकाय , 555 — कुल वार्ड , 3,558 — दाखिल नामांकन पत्र , 3,139 — नामांकन दाखिल करने वाले अभ्यर्थी , 434 — निरस्त नामांकन पत्र , 3,123 — वैध नामांकन पत्र , 2,954 — वर्तमान में वैध अभ्यर्थी ।

खास बात: सबसे अधिक 82 नामांकन पत्र खेतड़ी में निरस्त हुए, जबकि डूंडलोद में एक भी नामांकन निरस्त नहीं हुआ। अब जिले की राजनीतिक निगाहें 3 सितंबर की नाम वापसी पर टिक गई हैं। इसके बाद निकाय चुनाव के मुकाबलों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी।

 

Advertisement