Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बुधवार को संभालेंगे नगर परिषद की कमान अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान

बुधवार को संभालेंगे नगर परिषद की कमान अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान

झुंझुनूं नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान के पदभार ग्रहण समारोह की तैयारियां

ओला परिवार की मौजूदगी में होगा पदभार ग्रहण समारोह, शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को पटरी पर लाना रहेगी पहली प्राथमिकता

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान बुधवार, 30 सितंबर को विधिवत रूप से सभापति पद का कार्यभार संभालेंगे। नगर परिषद परिसर में होने वाले पदभार ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभापति कक्ष को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, वहीं परिषद परिसर में समारोह के लिए मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों के पहुंचने की संभावना है।

पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ ओला परिवार की भी मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र सिंह ओला होंगे। वहीं कांग्रेस नेता अमित ओला एवं पूर्व जिला प्रमुख डॉ. राजबाला ओला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। समारोह को लेकर सभापति समर्थकों और नगर परिषद प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्षदों को भी कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान पदभार ग्रहण समारोह को लेकर व्यक्तिगत स्तर पर भी सक्रिय हैं। वे फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से शहरवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से समारोह में पहुंचकर आशीर्वाद देने की अपील की है।

कार्यभार संभालने से पहले अब्दुला अगवान ने शहर की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट की हैं। उन्होंने कहा कि सभापति बनने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता शहर की बिगड़ी हुई व्यवस्थाओं को सुधारकर उन्हें सुचारू करना होगी। उनका प्रयास झुंझुनूं को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने का रहेगा। उन्होंने शहर के विकास के लिए नई सौगातें लाने की बात भी कही है।

सफाई से सड़क तक… सामने होंगी कई चुनौतियां

नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद अब शहरवासियों की नजर नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान की कार्यशैली और विकास की दिशा पर रहेगी। कार्यभार संभालते ही उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कें, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, जलभराव और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कई चुनौतियां होंगी। ऐसे में पदभार ग्रहण समारोह के साथ ही नए बोर्ड के सामने शहर की उम्मीदों पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी शुरू हो जाएगी।

Advertisement