सिंघाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई , गिरोह के सरगना समेत छह आरोपी गिरफ्तार , एक विधि से संघर्षरत बालक निरूद्ध,बिना नंबर की पिकअप व स्विफ्ट कार जब्त , 1. 28 लाख रूपए नकद और तार काटने के उपकरण बरामद
सिंघाना। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
हाईटेंशन 765 केवी बिजली लाइन के एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ सिंघाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी महेश कुमार उर्फ कुम्भाकाला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरूद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के तार से भरी बिना नंबर की पिकअप , एक स्विफ्ट कार , 1 लाख 28 हजार 500 रूपए नकद तथा तार काटने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, बुहाना वृत्ताधिकारी मंजू चौहान के सुपरविजन तथा सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को डीएसटी झुंझुनूं के एएसआई शशिकांत को मुखबिर से सूचना मिली कि कुठानियां जोहड़ में हाईटेंशन 765 केवी बिजली लाइन के तार चोरी करने वाला गिरोह मौजूद है।
गिरोह के सदस्य पिकअप और स्विफ्ट कार में चोरी के तार भरकर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह मय जाब्ता कुठानियां जोहड़ पहुंचे। पुलिस टीम अमरपुरा-कुठानियां कच्चे रास्ते पर पहुंची तो जोहड़ की ओर जाने वाले रास्ते के मोड़ पर सामने से तिरपाल लगी बिना नंबर की पिकअप आती दिखाई दी। उसके पीछे एक स्विफ्ट कार भी चल रही थी। पिकअप में तीन और स्विफ्ट में चार युवक सवार थे। पुलिस टीम को देखते ही दोनों वाहनों में सवार युवक गाड़ियां छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें हाईटेंशन 765 केवी बिजली लाइन के चोरी किए गए एल्युमिनियम तार भरे मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गिरोह के सरगना महेश उर्फ कुम्भाकाला के साथ चोरी के तार बेचने तथा आपस में हिस्से का बंटवारा करने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार लोगों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 1,28,500 रूपए नकद बरामद हुए।
पुलिस ने चोरी के तार के परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहनों तथा तार काटने में इस्तेमाल किए गए उपकरणों को जब्त कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार उर्फ कुम्भाकाला (29) पुत्र रछपाल राम निवासी ढाणी कुम्भाकाला , पुराना बास थाना सदर नीमकाथाना जिला सीकर , अजय उर्फ कालू (25) पुत्र बीरबल निवासी वार्ड नंबर 44 बुचाड़ा मोहल्ला कोटपुतली , दुष्यन्त मीणा उर्फ मोनू (18 वर्ष 6 माह) पुत्र दौलतराम निवासी शक्ति विहार कोटपुतली , अनिल (21) पुत्र प्रकाशचंद निवासी प्रीतमपुरी कांवट बाईपास थाना थोई जिला सीकर , अमित जाखड़ (28) पुत्र मूलचंद निवासी ढाणी कुम्भाकाला पुराना बास , थाना सदर नीमकाथाना तथा हिमान्शु उर्फ लाला (19) पुत्र सुरेन्द्र निवासी मोहल्ला राजपूताना, बुहाना शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरूद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हिमान्शु उर्फ लाला का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ थाना खेतड़ीनगर और कोतवाली में दो प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और पूर्व में की गई बिजली तार चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच कर रही है । कार्रवाई करने वाली सिंघाना पुलिस टीम में थानाधिकारी सुगन सिंह , एएसआई हरिराम , एचसी रामस्वरूप , एचसी सत्यराज , कांस्टेबल अमित कुमार , आरटी कांस्टेबल हर्ष , आरटी कांस्टेबल अंकित , कांस्टेबल सुमेर सिंह , रविशंकर , प्रदीप कुमार , चालक कांस्टेबल सुभाषचंद्र गुप्ता , एएसआई शीशराम , एचसी सुरेश तथा कांस्टेबल पवन शामिल रहे। इनमें सत्यराज, अमित कुमार और हर्ष का विशेष योगदान रहा। डीएसटी झुंझुनूं की टीम में प्रभारी उप निरीक्षक हेमराज , एएसआई शशिकांत , एचसी हरीश कुमार , कांस्टेबल सुनील कुमार , कुलदीप , संदीप कुमार तथा रामवतार शामिल रहे। डीएसटी के एएसआई शशिकांत का कार्रवाई में विशेष योगदान रहा। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस गिरोह के नेटवर्क , चोरी के तारों की खपत और पूर्व में की गई अन्य वारदातों तक पहुंचने पर है।











