‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ हेल्थ एवं अवेयरनेस कैंप में युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, बीएमआई की जांच , चिकित्सकों ने तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
माय भारत केंद्र, झुंझुनूं , युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ कार्यक्रम का आयोजन सावित्री बाई फूले गर्ल्स छात्रावास, झुंझुनूं में किया गया। कार्यक्रम के दौरान हेल्थ कैंप एवं अवेयरनेस कैंप आयोजित कर युवाओं को स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय बीडीके अस्पताल के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. कपूर थालोर एवं डॉ. तुलसी शर्मा ने सहभागिता की। चिकित्सकों ने युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) की जांच की और स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी तथा सुझाव दिए।
नशे से दूरी और सकारात्मक सोच पर जोर
डॉ. कपूर थालोर ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तनाव को कम करने के लिए सकारात्मक सोच रखना जरूरी है। युवाओं को अपनी समस्याओं को मन में दबाने के बजाय परिवार अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा करने तथा नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। वहीं डॉ. तुलसी शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने पर जोर देते हुए कहा कि अवसाद के शुरूआती लक्षणों को पहचानना महत्वपूर्ण है।
न्होंने किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी महसूस होने पर समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने युवाओं को माय भारत के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए युवाओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वास्थ्य, खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं को अपने आसपास भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में माय भारत स्वयंसेवक विपिन एवं विक्रम उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य परीक्षण के साथ नशामुक्ति, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।















