एक दिन में 590 ठिकानों पर दबिश, 128 गिरफ्तारियां, 64 टीमों के 283 पुलिसकर्मी रहे अभियान में शामिल
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में झुंझुनूं पुलिस ने जिलेभर में एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अलसुबह शुरू हुए अभियान में पुलिस की 64 टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर वांछित अपराधियों, गिरफ्तारी वारंटियों, हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर एवं गैंग सदस्यों सहित संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान 64 टीमों में शामिल 283 अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने कुल 590 स्थानों पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई में विभिन्न प्रकरणों में वांछित एवं अन्य मामलों में कुल 128 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी सागर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना रहा।
कार्रवाई के दौरान महिला अत्याचार के प्रकरण में फरार 1, जघन्य अपराधों में वांछित 3, सामान्य अपराधों में वांछित 4, गिरफ्तारी वारंट में 51, स्थाई वारंट/पीओ/335 बीएनएस के मामलों में 12, इनामी अपराधी 1 तथा आर्म्स एक्ट के प्रकरण में वांछित 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अवैध शराब के नवीन दर्ज प्रकरणों में 10, अन्य अधिनियमों में दर्ज प्रकरणों में 3 तथा शांतिभंग के मामलों में 42 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार अभियान में कुल 128 गिरफ्तारियां हुईं।
अभियान के तहत आबकारी अधिनियम में 13 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान मंड्रेला और बगड़ थाना पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ भी कार्रवाई की। दोनों थाना क्षेत्रों में एक-एक प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 40 टन बजरी और 9 टन पत्थर जब्त किए तथा अवैध खनन में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए।
अभियान के दौरान पुलिस थाना कोतवाली ने सर्वाधिक 17 गिरफ्तारियां कीं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए अभियान को व्यापक रूप दिया। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाया गया यह अभियान पुलिस की सक्रिय एवं समन्वित कार्रवाई को दर्शाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से एरिया डोमिनेशन जैसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज जयपुर राहुल प्रकाश आईपीएस के आदेशानुसार तथा एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई में जिलेभर की पुलिस टीमों ने समन्वित रूप से भाग लिया।













