Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ नेशनल रॉकेट बॉल चैंपियनशिप में खेलेगी राजस्थान की टीम, संजू गोदारा महिला...

नेशनल रॉकेट बॉल चैंपियनशिप में खेलेगी राजस्थान की टीम, संजू गोदारा महिला कप्तान

14वीं सीनियर नेशनल रॉकेट बॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए झज्जर रवाना होती राजस्थान की महिला और पुरुष टीम

पुरुष वर्ग की कमान धीरज को; सात दिवसीय कैंप के बाद टीम झज्जर रवाना

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
14वीं सीनियर नेशनल रॉकेट बॉल चैंपियनशिप का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक झज्जर, हरियाणा में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राजस्थान की रॉकेट बॉल टीम भी हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता को लेकर राजस्थान टीम के खिलाड़ियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और टीम 24 सितंबर की शाम हनुमानगढ़ से झज्जर के लिए रवाना हुई।

राजस्थान रॉकेट बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम के चयन को लेकर ट्रायल आयोजित किए गए थे। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों के लिए श्रीगंगानगर स्थित सरस्वती बाल वाटिका स्कूल में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास कर अपनी तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल को निखारा। प्रशिक्षण शिविर के दौरान ही राजस्थान की अंतिम टीम की घोषणा की गई।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान की महिला टीम की कप्तानी संजू गोदारा करेंगी, जबकि पुरुष वर्ग की कप्तानी धीरज को सौंपी गई है। दोनों वर्गों के खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है। टीम के रवाना होने से पहले खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर में प्राप्त तकनीकी मार्गदर्शन के अनुसार प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

24 सितंबर की शाम हनुमानगढ़ से राजस्थान टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर राजस्थान रॉकेट बॉल एसोसिएशन के सचिव संजय सहारण सहित मुकेश चाहर, अजय स्वामी, दीपक शर्मा, सुभाष दहेदु, अमित सहारण, करण चौधरी और सुमित सुथार मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद देकर रवाना किया।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिला है। राजस्थान की टीम झज्जर में होने वाली प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

Advertisement