पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने किया सम्मान
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आदर्श ग्राम पंचायत देरवाला के आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में सराहनीय योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ता श्रीमती रेखा जोशी को जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषण, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाओं को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने आशा कार्यकर्ता रेखा जोशी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्मिकों को प्रेरित किया।
रेखा जोशी के सम्मान से कार्यक्रम में मौजूद आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों का भी उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम में पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने तथा ग्रामीण परिवारों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।













