Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, नि:शुल्क चिकित्सा-पंचकर्म शिविर में उमड़े लोग

झुंझुनूं में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, नि:शुल्क चिकित्सा-पंचकर्म शिविर में उमड़े लोग

नौरंगराम दयानंद ढूकिया आयुर्वेद संस्थान में मरीजों की जांच कर बांटी नि:शुल्क औषधियां, ऋतुचर्या-दिनचर्या और पंचकर्म के लाभ बताए

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर नौरंगराम दयानंद ढूकिया आयुर्वेद संस्थान, झुंझुनूं में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान आयुर्वेद के महत्व, स्वास्थ्य संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर नि:शुल्क चिकित्सा एवं जांच शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया। शिविर में पंचकर्म चिकित्सा एवं थेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

पंचकर्म के लाभों से विद्यार्थियों को कराया परिचित

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पंचकर्म चिकित्सा की उपयोगिता एवं इसके विभिन्न लाभों की जानकारी दी गई। संस्थान के सचिव डॉ. संदीप ढूकिया ने कहा कि पंचकर्म आयुर्वेद की महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति है, जो शरीर के संतुलन को बनाए रखने और स्वास्थ्य संरक्षण में सहायक है। उन्होंने आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समझने और जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संस्थान अध्यक्ष डॉ. सुनीता ढूकिया ने छात्र-छात्राओं से आयुर्वेद को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और आयुर्वेदिक जीवन-पद्धतियों को अपनाना उपयोगी है। कार्यक्रम में डॉ. सुनील, डॉ. प्रबुद्ध, डॉ. मुकेश, डॉ. अखिला, डॉ. हिमांशी, डॉ. रुचिका और डॉ. दीपिका ने भी सहभागिता की। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को ऋतुचर्या एवं दिनचर्या के महत्व के साथ ही शरद ऋतु में विरेचन कर्म के लाभ एवं उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Advertisement