सिंघाना । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर सोमवार को सिंघाना स्थित ब्लॉक चिकित्सालय में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई तथा चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान चिकित्सकों ने आयुर्वेद के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को जागरूक किया। चिकित्साप्रभारी डॉ. सुनील कनोडिया के निर्देशन में आयोजित शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। डॉ. धर्मपाल खोवाल एवं डॉ. राकेश योगी ने शिविर में सेवाएं देते हुए आमजन को आयुर्वेद की उपयोगिता, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या के बारे में जानकारी दी।
चिकित्सकों ने आयुर्वेद की दिनचर्या एवं ऋतुचर्या की जानकारी देते हुए बताया कि मौसम के अनुरूप खान-पान, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को आयुर्वेदिक पद्धति को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान स्टाफ सदस्य दीपक ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की। जांच के उपरांत चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
साथ ही चिकित्सालय में उपलब्ध औषधियों का नि:शुल्क वितरण कर मरीजों को लाभान्वित किया गया। आयोजकों ने बताया कि आयुर्वेद दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन को आयुर्वेद की उपयोगिता के प्रति जागरूक करना तथा नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संरक्षण में आयुर्वेद की भूमिका की जानकारी दी गई।













