शेखावाटी को रेल क्रांति की सौगात दिलाने की जोरदार पैरवी

लोकसभा में सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने उठाई झुंझुनूं की आवाज, कई नई रेल लाइनों व ट्रेनों की मांग से बढ़ी उम्मीदें

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
लोकसभा में रेलवे अनुदान मांगों (वित्तीय वर्ष 2026–27) पर हुई चर्चा के दौरान झुंझुनूं क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने जोरदार और प्रभावशाली तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल समस्याओं को उठाते हुए रेल मंत्री के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिससे पूरे शेखावाटी क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है।सांसद ओला ने कहा कि मीटर गेज के समय झुंझुनूं क्षेत्र में कई ट्रेनें संचालित होती थीं, लेकिन ब्रॉड गेज बनने के बाद और विशेष रूप से कोरोना काल के बाद कई ट्रेनें बंद हो गईं, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं शिक्षा और सैनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां से रोज हजारों लोग जयपुर और अन्य शहरों के लिए यात्रा करते हैं।

ये हैं सांसद द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगें –

14713/14714 ट्रेन का नियमित संचालन
झुंझुनूं–सीकर–दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 14713/14714 को नियमित चलाने की मांग रखी गई।
लोहारू–पिलानी नई रेल लाइन
लोहारू से पिलानी तक नई रेल लाइन का कार्य जल्द शुरू कर प्राथमिकता से पूरा करने का आग्रह।
डाबला–खेतड़ी–चिड़ावा रेल लाइन विस्तार
खनन और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने के लिए डाबला से खेतड़ी, सिंघाना होते हुए चिड़ावा तक रेल लाइन विस्तार की मांग।
पूर्वोत्तर और धार्मिक ट्रेनों की मांग
सीकर–झुंझुनूं से गुवाहाटी, हरिद्वार सहित पूर्वोत्तर भारत के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की पैरवी।
झुंझुनूं–जयपुर–सवाई माधोपुर डेमो/मेमो ट्रेन
दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित डेमो/मेमो ट्रेन चलाने की मांग।
मंडावा–फतेहपुर–रतनगढ़ नई रेल लाइन
झुंझुनूं से मंडावा, फतेहपुर और रतनगढ़ तक नई रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव।
रेलवे वाशिंग पॉइंट और मेंटेनेंस सुविधा
झुंझुनूं-सीकर में वाशिंग पॉइंट और मेंटेनेंस यार्ड स्थापित करने की मांग, जिससे अधिक ट्रेनें संचालित हो सकें।

डीएफसी से जोड़ने की भी उठी बड़ी मांग –

सांसद ने डाबला से खेतड़ी होते हुए हनुमानगढ़–गंगानगर तक रेल लाइन को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) से जोड़ने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए रेलवे पहले ही भूमि अधिग्रहण कर चुका है, अब इसे शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।

व्यापार, पर्यटन और सेना को मिलेगा बड़ा लाभ –

सांसद ओला ने कहा कि इन रेल परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, धार्मिक पर्यटन और सामरिक दृष्टि से भी झुंझुनूं और शेखावाटी क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

चूरू महोत्सव 2026 को लेकर कलेक्टर की अपील | 19–21 मार्च बागला मैदान में होगा भव्य आयोजन

चूरू में ‘आंगण मांय मांडी गणगौर’ का भव्य आयोजन | लोकगीत-लोकनृत्य से सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम

शेखावाटी सिटी गेटेड टाउनशिप का भव्य उद्घाटन | राठौड़ और सहारण रहे मौजूद