Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं खेतड़ी में भाजपा की बाड़ेबंदी, प्रत्याशी जयपुर रवाना

खेतड़ी में भाजपा की बाड़ेबंदी, प्रत्याशी जयपुर रवाना

25 वार्डों के नतीजों से पहले सियासी सरगर्मी तेज, फार्म हाउस में ठहराए गए भाजपा प्रत्याशी; बोर्ड बनाने की रणनीति पर नजर

खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरपालिका चुनाव में मतदान के बाद अब बोर्ड गठन और अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव परिणाम से पहले ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है। पार्टी के सभी प्रत्याशियों को खेतड़ी से जयपुर ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें जयपुर के एक फार्म हाउस में ठहराया गया है। भाजपा की इस कवायद को चुनाव परिणाम के बाद बोर्ड गठन को लेकर पार्टी की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व प्रत्याशियों को एकजुट रखने के साथ ही मतगणना के बाद बनने वाले संभावित राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर बनाए हुए है। भाजपा की ओर से नगरपालिका में अपना बोर्ड बनाने का दावा किया जा रहा है।
खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों में 9 सितंबर को मतदान हो चुका है। अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजर 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी है। परिणाम सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किस दल के पक्ष में बहुमत का आंकड़ा बनता है। चुनाव परिणाम के बाद यदि किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय और अन्य निर्वाचित पार्षदों की भूमिका अहम हो सकती है। ऐसे में बोर्ड गठन को लेकर जोड़-तोड़ और समर्थन जुटाने की राजनीतिक कवायद शुरू होने की संभावना है।

महिला ओबीसी आरक्षित है अध्यक्ष की कुर्सी

खेतड़ी नगरपालिका अध्यक्ष का पद महिला ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में पार्षदों के चुनाव परिणाम के साथ ही अध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। 25 वार्डों में जीतकर आने वाले पार्षद बोर्ड गठन में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। बहुमत का आंकड़ा किस दल के पास रहता है और किन पार्षदों का समर्थन किस ओर जाता है, इसी आधार पर अध्यक्ष पद का समीकरण तय होगा। यही वजह है कि चुनाव परिणाम आने से पहले ही राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर पार्षदों को साधने और एकजुट रखने की कवायद में जुट गए हैं।

नतीजों से पहले ही शुरू हुआ ‘सियासी पहरा’

भाजपा प्रत्याशियों को एक साथ जयपुर ले जाने की खबर से खेतड़ी की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। फार्म हाउस में प्रत्याशियों को ठहराए जाने की बात सामने आ रही है। पार्टी स्तर पर वरिष्ठ नेताओं की ओर से प्रत्याशियों से संपर्क बनाए रखने और आगामी रणनीति पर मंथन किए जाने की जानकारी है। अब सभी की निगाहें 14 सितंबर की मतगणना पर हैं। नतीजे सामने आने के बाद ही पता चलेगा कि खेतड़ी नगरपालिका में सत्ता की चाबी किसके हाथ लगती है और महिला ओबीसी के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद पर किस खेमे का दावा मजबूत होता है।

Advertisement