विधायक हरलाल सहारण ने किया उद्घाटन; कार्यक्रम में वार्ड के विकास और स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा नेताओं ने रखी अपनी बात
चूरू। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 45 में भाजपा का चुनावी अभियान तेज हो गया है। भामी चौक स्थित वार्ड में शुक्रवार को विधायक हरलाल सहारण ने भाजपा प्रत्याशी कलावती लुगरिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरलाल सहारण ने वार्ड के आगामी विकास को लेकर भाजपा की प्राथमिकताओं की बात रखी। उन्होंने पिछले कार्यकाल के विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस के पूर्व पार्षद पर आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। सहारण ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की।
सीताराम लुगरिया ने कांग्रेस शासन पर उठाए सवाल
सभा में सीताराम लुगरिया ने पिछले पांच वर्षों के कांग्रेस शासन के दौरान वार्ड में हुए विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान वार्ड में विकास के लिए पर्याप्त कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को लेकर लोगों के बीच असंतोष की स्थिति रही है।
कलावती लुगरिया ने बताई अपनी प्राथमिकताएं
भाजपा प्रत्याशी कलावती लुगरिया ने कहा कि पूर्व में नगर परिषद में भाजपा बोर्ड के कार्यकाल के दौरान उनके पति पार्षद रहे थे। उनके अनुसार उस समय वार्ड में कई विकास कार्य करवाए गए थे।उन्होंने वार्ड की वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए स्वच्छता, नालियों और जलभराव से जुड़ी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था बेहतर करने और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।कलावती लुगरिया ने वार्डवासियों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, वार्डवासी और समर्थक मौजूद रहे।










