बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास हुआ हादसा, सड़क पर गिरने से बाइक सवार घायल
चूरू। शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या एक बार फिर हादसे का कारण बनी। सोमवार को राजकीय पारख बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास एक बेसहारा सांड ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में वार्ड नंबर 20 निवासी सलीम पारख घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, सलीम पारख बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय के पास अचानक सामने आए तेज गति से आ रहे बेसहारा सांड ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सलीम बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल सलीम को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। ऑल युवा मुस्लिम सेवा संस्थान के अध्यक्ष ने भी घटना की जानकारी देते हुए शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताई।
बेसहारा पशुओं को लेकर फिर उठे सवाल
घटना के बाद शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को लेकर लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद की व्यवस्था पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर बड़ी संख्या में बेसहारा सांड घूमते रहते हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से बेसहारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा शहर में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।













