खाटूश्यामजी–सालासर बालाजी रेल मार्ग की डीपीआर पर रखी मांग; नोहर और गोगामेड़ी में ROB निर्माण का मुद्दा भी उठाया
चूरू । अमित तिवारी
चूरू सांसद राहुल कस्वां ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चूरू संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेलवे विकास और यातायात सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाए। सांसद ने विशेष रूप से खाटूश्यामजी–सालासर बालाजी रेल कनेक्टिविटी तथा रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की मांग रखी।
खाटूश्यामजी–सालासर रेल कनेक्टिविटी पर जताई चिंता
सांसद कस्वां ने रेल मंत्री के समक्ष खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ने का मुद्दा रखा। उन्होंने बताया कि दोनों धार्मिक स्थलों के बीच रेल कनेक्टिविटी को लेकर डीपीआर तैयार करने की स्वीकृति दी गई है और इसके लिए सर्वे का कार्य किया जा रहा है।कस्वां के अनुसार, प्रस्तावित रेल मार्ग को लेकर ऐसी जानकारी सामने आई है कि रींगस–खाटूश्यामजी और रसीदपुरा स्टेशन–सालासर-सुजानगढ़ को अलग-अलग हिस्सों में जोड़ने का प्रस्ताव विचाराधीन है। सांसद ने इस संभावित व्यवस्था को लेकर अपनी आपत्ति रेल मंत्री के सामने रखी।उन्होंने तर्क दिया कि यदि सालासर को रसीदपुरा स्टेशन के रास्ते जोड़ा जाता है तो खाटूश्यामजी और सालासर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी का उद्देश्य पूरी तरह हासिल नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेल मार्ग की योजना इस प्रकार बनाई जानी चाहिए कि खाटूश्यामजी से सालासर तक सीधा संपर्क स्थापित हो।
सुजानगढ़ और आगे धार्मिक स्थलों को जोड़ने का सुझाव
सांसद ने रेल मंत्री से मांग की कि रींगस–खाटूश्यामजी–सालासर बालाजी–सुजानगढ़ रेल मार्ग को एकीकृत रूप से जोड़ते हुए इसकी डीपीआर तैयार की जाए।कस्वां ने अपने प्रस्ताव में आगे डूंगर बालाजी–बीदासर–देश्नोक स्थित करणी माता मंदिर सहित अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को भविष्य में रेल नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि ऐसी कनेक्टिविटी से क्षेत्र के यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकती है तथा पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न हिस्सों के बीच रेल संपर्क को भी विस्तार मिल सकता है।सांसद ने रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि प्रस्तावित रेल मार्ग की योजना बनाते समय वर्तमान यात्री आवश्यकताओं के साथ भविष्य की कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय उपयोगिता को भी ध्यान में रखा जाए।
नोहर और गोगामेड़ी में ROB की मांग
मुलाकात के दौरान सांसद राहुल कस्वां ने चूरू लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवर ब्रिज बनाने की मांग भी रखी। इनमें—
1. नोहर शहर में हनुमानगढ़ की ओर जाने वाले आम रास्ते पर रेलवे क्रॉसिंग।
2. नोहर तहसील के गोगामेड़ी गांव स्थित रेलवे फाटक।
सांसद ने इन स्थानों पर ROB निर्माण की आवश्यकता बताते हुए रेल मंत्रालय से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।मुलाकात के दौरान कस्वां ने चूरू संसदीय क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की सुविधा से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की।










