Advertisement
Home राजस्थान जयपुर राजस्थान कांग्रेस ने बनाई प्रोफेशनल Gen-Z कमेटी, निकाय-पंचायत चुनावों के बीच ‘GenZ...

राजस्थान कांग्रेस ने बनाई प्रोफेशनल Gen-Z कमेटी, निकाय-पंचायत चुनावों के बीच ‘GenZ for Change’ अभियान शुरू

युवाओं के लिए AI वर्कशॉप, करियर काउंसलिंग, इंटर्नशिप और लीगल सपोर्ट की योजना; जिला स्तर पर भी कमेटियां गठित करने की तैयारी

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स डिपार्टमेंट ने प्रदेशस्तर पर प्रोफेशनल Gen-Z कमेटी गठित करने की घोषणा की है। आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से ‘GenZ for Change’ आउटरीच कैंपेन भी शुरू किया गया है। विभाग के स्टेट चेयरमैन सुमित भगासरा ने कहा कि Gen-Z युवाओं की आवश्यकताओं, समस्याओं और आकांक्षाओं को समझने में युवा वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, स्किल गैप और करियर से जुड़े मुद्दों पर युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से प्रोफेशनल Gen-Z कमेटी बनाई गई है। भगासरा ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स डिपार्टमेंट इस कमेटी के सहयोग से युवाओं के स्किल डेवलपमेंट, करियर काउंसलिंग और डिजिटल सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेगा।

AI से लेकर करियर काउंसलिंग तक कार्यक्रम

प्रस्तावित कार्यक्रमों में निःशुल्क AI वर्कशॉप, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के साथ इंटर्नशिप के अवसर, कंटेंट क्रिएटर्स के लिए लीगल सपोर्ट तथा विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन करियर काउंसलिंग सेमिनार शामिल किए गए हैं। आयोजकों के अनुसार, राजस्थान के अधिक से अधिक Gen-Z विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने के लिए जिला स्तर पर भी ऐसी कमेटियां गठित करने की योजना है। ये कमेटियां कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने का काम करेंगी।

विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर दी जानकारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान Gen-Z कमेटी सदस्य एवं IITian डेटा एनालिस्ट मोहित कुमार ने युवाओं के लिए प्रस्तावित AI वर्कशॉप को लेकर प्रस्तुति दी। एडवोकेट अनिरुद्ध सिंह ने कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी सलाह और लीगल सपोर्ट उपलब्ध कराने की योजना के बारे में जानकारी दी।SMS अस्पताल एवं SMS मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर बंटी शर्मा ने मेडिकल विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी और मेडिकल स्टूडेंट्स की करियर काउंसलिंग के लिए अपनी टीम की उपलब्धता की जानकारी दी।नेशनल प्लेयर एवं शूटिंग कोच पूजा चौधरी ने खेलों में लड़कियों की भागीदारी और उनसे जुड़े मुद्दों पर जानकारी साझा की। वहीं गिरीश शर्मा ने कंटेंट क्रिएशन और इसमें उपलब्ध अवसरों के बारे में बताया। IITian एवं एंटरप्रेन्योर राहुल परमार विद्यार्थियों को स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देने की भूमिका निभाएंगे।

चुनावों के दौरान जारी रहेगा अभियान

पीसीसी सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अरविन्द भाम्बू भामासी ने बताया कि प्रत्येक जिला स्तर पर  ‘GenZ for Change’ अभियान आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों के दौरान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के समापन के बाद राजस्थान के Gen-Z युवाओं की स्थानीय स्तर की समस्याओं और सुझावों को संकलित कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और राहुल गांधी को भेजी जाएगी, ताकि युवाओं से जुड़े मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाया जा सके।

स्टूडेंट सपोर्ट के लिए हेल्पलाइन जारी

युवाओं और विद्यार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टूडेंट सपोर्ट हेल्पलाइन नंबर +91 89550 90908, और चुरू जिले के लिए अलग से हेल्पलाइन नंबर +919414333832 और ईमेल [socialmediarpcc@gmail.com](mailto:socialmediarpcc@gmail.com) जारी किया गया है। अभियान के माध्यम से युवाओं से संवाद, उनके सुझावों के संकलन और शिक्षा, रोजगार, डिजिटल कौशल, करियर तथा अन्य विषयों से जुड़े मुद्दों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बताई गई है।

 

Advertisement