Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं कृष्णमय हुआ शेखावाटी पब्लिक स्कूल हेतमसर , नन्हे राधा-कृष्ण ने मोहा मन

कृष्णमय हुआ शेखावाटी पब्लिक स्कूल हेतमसर , नन्हे राधा-कृष्ण ने मोहा मन

जन्माष्टमी पर गूंजे भजन और कृष्ण लीलाएं, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शेखावाटी पब्लिक स्कूल, हेतमसर में गुरूवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगा नजर आया। रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक मटकियों और श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित मनमोहक झांकियों से विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। समारोह का शुभारंभ संस्थापक संतोष मित्तल, कार्यकारी निदेशक दीपिका मित्तल, अकादमिक निदेशक ज्योति मित्तल, निदेशिका निर्मला मित्तल एवं प्रधानाचार्य जे.एस. फौजदार ने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने नृत्य, भजन एवं विभिन्न कृष्ण लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने विद्यालय के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जन्माष्टमी समारोह का मुख्य आकर्षण पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। इसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना और विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कर्म, कर्तव्य, सत्य, अनुशासन और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया तथा श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को प्रसाद वितरित किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जुड़ाव का संदेश दिया।

Advertisement