हजरत हाजिब शकरबार शाह की दरगाह पर लाखों जायरीन ने टेका मत्था, अमन-ओ-चैन की मांगी दुआ; देशभर से पहुंचे श्रद्धालु
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
हजरत हाजिब शकरबार शाह की दरगाह पर भादवा मेले के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। भादवा की सप्तमी, अष्टमी और नवमी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले में राजस्थान सहित हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में जायरीन नरहड़ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा की मजार पर मत्था टेककर अमन-ओ-चैन, खुशहाली और परिवार की सुख-समृद्धि की दुआएं मांगीं। मेले में सर्वधर्म सद्भाव की मिसाल भी देखने को मिल रही है। विभिन्न धर्मों के श्रद्धालु पीर बाबा के दरबार में मन्नत मांगने पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में नवविवाहित दंपती परिवार सहित दरगाह पर गठजोड़ की जात लगाने पहुंच रहे हैं, वहीं नवजात शिशुओं के जडूले भी दरगाह पर उतारे जा रहे हैं।हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु पेट पलायन और डाक ध्वज लेकर दरगाह पहुंचे। जायरीनों ने मन्नत की तांतियां पीर बाबा की मजार के सामने जाली पर बांधकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने सवामणी और भंडारे आयोजित कर प्रसाद वितरित किया। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। मेला स्थल से कुछ दूरी पर बाइपास के पास वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
दरगाह कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिजली, पानी, चिकित्सा और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दरगाह परिसर में व्यवस्थाओं की निगरानी एवं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। मेले की व्यवस्थाओं की निगरानी को लेकर उपखंड प्रशासन की ओर से अटल सेवा केंद्र नरहड़ में बैठक आयोजित की गई। इसमें उपखंड अधिकारी किरण पाल, विकास अधिकारी अनीषा बिजरानिया, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश कविया सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे अधिकारियों ने मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दरगाह सेवा फाउंडेशन की ओर से मेले में आने वाले जायरीनों के लिए लंगर एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विभिन्न भंडारों में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवा कार्य में फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं।दरगाह के खादिम शाहिद पठान ने बताया कि भादवा की सप्तमी, अष्टमी और नवमी को भरने वाला यह मेला श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। मेले में दूर-दराज से श्रद्धालु पीर बाबा के दरबार में मन्नतें मांगने पहुंचते हैं और मन्नत पूरी होने पर दोबारा दरगाह पर पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं। इस दौरान दरगाह के वरिष्ठ खादिम हाजी अजीज पठान, चेयरमैन खलील बुडाना, सचिव करीम पीरजी, दरगाह फाउंडेशन निदेशक एवं खादिम शाहिद-शमीम पठान, रफीक पीरजी, मैनेजर सिराज अली, सहायक मैनेजर कल्लू पीरजी एवं पियूष चतुर्वेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में मौजूद रहे।










