कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग के निर्देश पर प्रमुख मार्गों पर चला विशेष अभियान, डिवाइडरों से खरपतवार और सड़कों से हटाया मिट्टी-मलबा
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग के निर्देश पर नगर परिषद ने स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं के रखरखाव को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। गुरूवार सुबह 7 बजे से हवाई पट्टी चौराहे से झुझार सिंह सर्किल तक नगर परिषद की टीम ने विशेष सफाई अभियान चलाकर सड़क किनारे जमा मिट्टी-मलबे और डिवाइडरों पर उगी खरपतवार को हटाया। अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर जमा मिट्टी-मलबे एवं अन्य अवांछित सामग्री को हटाया गया। डिवाइडरों पर उगी जंगली घास और खरपतवार की सफाई कर सड़क एवं डिवाइडर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया। प्रमुख मार्ग पर सफाई कार्य होने से मार्ग का स्वरूप भी अधिक साफ-सुथरा नजर आया। नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग के निर्देशानुसार शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ नागरिक सुविधाओं से जुड़े आवश्यक रखरखाव कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत सड़क पेचवर्क, डिवाइडर सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवर मेनहॉल तथा नाली फेरोकवर से संबंधित कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से सफाई एवं रखरखाव कार्य कर रही हैं। प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई के साथ सड़क किनारे जमा मिट्टी-मलबे और खरपतवार को हटाने का काम भी अभियान का हिस्सा है। आयुक्त राकेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े रखरखाव का यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। विभिन्न वार्डों में आवश्यकता के अनुसार नगर परिषद की टीमें पहुंचकर सफाई, पेचवर्क और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्य करेंगी। अभियान के दौरान सहायक अभियंता लोकेश दुल्लड़ सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निकाय चुनाव के मद्देनजर नगर परिषद क्षेत्र में प्रभावी आदर्श आचार संहिता के बीच किए जा रहे इन कार्यों को नियमित नागरिक सेवाओं एवं आवश्यक रखरखाव के तहत किया जा रहा है। परिषद का फोकस शहर की सफाई व्यवस्था के साथ आमजन को बेहतर और व्यवस्थित नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।










