राजे ने परिवार को बंधाया ढांढस, खर्रा बोले—निकाय चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियां पूरी; बागियों को मनाने का प्रयास जारी रहेगा
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरूवार दोपहर करीब 2 बजे झुंझुनूं जिले के सीतसर गांव पहुंचीं। उन्होंने झालावाड़ एसपी आईपीएस अमित बुडानिया के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। राजे ने दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने आईपीएस अमित बुडानिया से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद वे परिवार के सदस्यों से मिलीं और घर की महिलाओं को भी इस दुख की घड़ी में हिम्मत रखने का संबल दिया। राजे ने परिवार को धैर्य बनाए रखने की बात कहते हुए संवेदना प्रकट की। इस दौरान यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा नेता शुभकरण चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां पूरी : खर्रा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरूवार शाम तक सभी वार्डों में चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 31 महीनों में सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन्हीं कार्यों को लेकर भाजपा जनता के बीच जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को पार्टी का निकाय चुनाव घोषणा पत्र जारी किया गया है, जिसमें शहरों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से जारी संकल्प पत्र में किए गए अधिकांश वादों पर सरकार काम पूरा कर चुकी है, जबकि शेष वादों पर भी तेजी से काम जारी है।
9 सितंबर तक बागियों को मनाने का प्रयास
निकाय चुनाव में भाजपा के सामने निर्दलीय मैदान में उतरे पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर पूछे गए सवाल पर खर्रा ने कहा कि पार्टी से अलग होकर चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं को समझाने और वापस पार्टी के साथ जोड़ने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि 9 सितंबर तक ऐसे कार्यकर्ताओं से संवाद कर उन्हें पार्टी के साथ लाने का प्रयास किया जाएगा। खर्रा ने विश्वास जताया कि भाजपा एकजुटता और पूरी मजबूती के साथ निकाय चुनाव के मैदान में उतरेगी और सरकार के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर जनता के बीच समर्थन मांगेगी।










