एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी एवं जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने जिले में अपराध की स्थिति, अनुसंधानाधीन मामलों और लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय दिलाने और पुलिस व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने के लिए लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा अत्यंत आवश्यक है। एसपी ने वांछित एवं सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर होगी कार्रवाई सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती लगाने वाले वाहनों, नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों तथा मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।

नशे और अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती
बैठक में अवैध हथियार, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त तत्वों के खिलाफ निरंतर और कठोर कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि समाज में अपराध और नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए समन्वित अभियान चलाए जाएं तथा ऐसे मामलों में प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष फोकस
गोष्ठी में महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों के विरूद्ध होने वाले अत्याचार संबंधी मामलों को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन कर अधिकाधिक दस्तयाबी सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा झूठे एवं मिथ्या मामलों में न्यायालय के समक्ष इस्तगासे प्रस्तुत कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने सभी अधिकारियों से जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










