Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत 3 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम

10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत 3 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम

500 से अधिक विद्यार्थियों व शिक्षकों ने ली नशामुक्त रहने की प्रतिज्ञा, दूसरों को भी प्रेरित करने का लिया संकल्प

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा ब्रह्माकुमारी पाठशाला, HOUSING BOARD की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित तीन विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। महात्मा गांधी माध्यमिक विद्यालय, महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय एवं प्लेटो स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में 500 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा ली।महात्मा गांधी माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य अहमद अली, महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में प्रधानाचार्य मनीष कुमार तथा PLATO SCHOOL में प्रिया गर्ग के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।बी.के. खुशबू बहन ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं, इसलिए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच रखने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने मित्रों, परिजनों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने ब्रह्माकुमारी संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के लिए ऐसे अभियान बेहद उपयोगी हैं।आयोजकों ने बताया कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य देशभर में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता पैदा करना और अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

Advertisement