ठंडा जल व लड्डू वितरित कर दी जुम्मे की मुबारकबाद, 11 सितम्बर को टीम के प्रत्याशियों के समर्थन की अपील
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को जंक्शन स्थित अम्बेडकर चौक के पास कब्रिस्तान मस्जिद में जुम्मे की नमाज के बाद विधायक गणेशराज बंसल, निर्दलीय प्रत्याशी सोनू गणेशराज बंसल सहित टीम गणेशराज बंसल के सदस्य मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों को जुम्मे की मुबारकबाद देते हुए ठंडा जल एवं लड्डू वितरित किए।इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने मुस्लिम समाज के लोगों से मुलाकात कर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ शहर की तरक्की और विकास में सभी समाजों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि उनकी टीम शहर के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी।विधायक गणेशराज बंसल ने आगामी नगर परिषद चुनाव का उल्लेख करते हुए मुस्लिम समाज के सभी भाइयों से 11 सितम्बर को टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत जनसमर्थन मिलने पर शहर के विकास कार्यों को और गति देने का प्रयास किया जाएगा।
निर्दलीय प्रत्याशी सोनू गणेशराज बंसल ने भी मुस्लिम समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव में सभी वर्गों का सहयोग और आशीर्वाद उनके लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।जुम्मे की नमाज के बाद आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान टीम गणेशराज बंसल के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। इस दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।











