विधायक गणेशराज बंसल बोले—विकास की गति बनाए रखने के लिए 11 सितम्बर को बांसुरी के निशान पर करें मतदान
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 46 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। टीम गणेशराज बंसल की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी सोनल अग्रवाल के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को विधायक गणेशराज बंसल ने किया। कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर आयोजित चुनावी सभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान सोनल अग्रवाल के समर्थन में मतदान करने की अपील की गई।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि पिछले छह वर्षों के दौरान वार्ड के गली-मोहल्लों में विकास कार्य करवाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ा होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में हुए विकास कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत और वार्डवासियों के सहयोग का परिणाम हैं।
विधायक ने कहा कि शहर में विकास की जो गति पिछले वर्षों में बनी है, उसे आगे भी निरंतर जारी रखने की आवश्यकता है। इसके लिए नगर परिषद में विकास के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधियों का होना जरूरी है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि 11 सितम्बर को टीम गणेशराज बंसल की प्रत्याशी सोनल अग्रवाल के पक्ष में बांसुरी के चुनाव चिन्ह पर मोहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि वार्ड में विकास कार्यों की गति आगे भी बनी रहे।निर्दलीय प्रत्याशी सोनल अग्रवाल ने कहा कि वे वार्डवासियों के विश्वास और सहयोग को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर टीम गणेशराज बंसल के समर्थक, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। सभा के दौरान प्रत्याशी के समर्थन में उत्साहपूर्ण माहौल नजर आया।













